
बालोद। जिले में एक युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी है। उसने अपने पिता के गले में कुल्हाड़ी मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया है। आरोपी बेटे का कहना है कि मुझे शक है कि मेरा पिता जादू टोना करते थे। इस वजह से मेरी पत्नी मुझे छोड़कर मायके जाने की जिद करती है। इसलिए मैंने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मामला कंवर चौकी इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक सांगली निवासी भगत केवट(30) मंगलवार सुबह अपने पिता नरेश केवट(51) के घर गया था। भगत के 2 और भाई हैं, जो अलग-अलग रहते हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार रात को बाप-बेटे के बीच झगड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर भगत फिर से मंगलवार सुबह अपने पिता के पास गया था। दोनों बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दोनों में फिर झगड़ा हुआ। जिसके बाद भगत ने कुल्हाड़ी उठाकर अपने पिता के गले में कई वार किए। जिससे नरेश केवट गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। वारदात के बाद बेटा भगत घर से निकल गया था। वहीं जब नरेश की पत्नी घर पहुंची तो देखी तो नरेश खून से लथपथ हालत में पड़ा था। इसके बाद आस-पास के लोगों की मदद से पहले उसे पास के अस्पताल ले जाया गया। फिर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे धमतरी के अस्पताल रेफर कर दिया था। जहां मंगलवार शाम को ही नरेश की इलाज के दौरान मौत हो गई।
आरोपी बेटे ने किया सरेंडर
इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद भगत ने खुद थाने जाकर सरेंडर कर दिया था। तब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। मगर देर शाम यह खबर आई कि नरेश की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।