कोर्ट मैरिज की बात पर प्रेमी ने प्रेमिका को बुरी तरह से पीटा, परिवार के साथ थाने पहुंची युवती

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर की पुलिस को एक आशिक की तलाश है। इस युवक ने अपनी ही प्रेमिका को बुरी तरह से पीटा। सरेराह उसे बेइज्जत किया। परेशान होकर युवती ने अब पुलिस से मदद मांगी है। युवती से जानकारी लेकर पुलिस उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना के बाद युवक फरार है। उसे पुलिस ढूंढ रही है। युवक ने अपनी प्रेमिका को पचपेड़ी नाका के पास सड़क पर पीटा था। अभनपुर की रहने वाली 25 साल की युवती ने परिजनों के साथ तेलीबांधा थाने जाकर पुलिस को सारी बात बताई।

इस मामले में आरोपी लालकृष्ण कुर्रे पर जुर्म दर्ज हुआ है। युवती ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच लंबे वक्त से प्रेम संबंध था। तीन महीने पहले दोनो ने कोटा इलाके के मंदिर में ब्याह रचा लिया था। इसके बाद दोनों अपने-अपने घरों में रह रहे थे। करीब 20 दिन पहले युवक ने प्रेमिका से कहा कि अब कोर्ट में जाकर शादी कर लेते हैं। यह सुनकर युवती ने कहा कि वो परिजनों से बात करने के बाद ही इस बारे में फैसला करेगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए थे।

रविवार की शाम युवक ने लड़की को मिलने के लिए बुलाया। पचपेड़ी नाका की सड़क के किनारे युवती की युवक से मुलाकात हुई। लड़के ने फिर शादी की बात छेड़ी। प्रेमिका की ना-नुकुर देखकर उसने थप्पड़ जड़ दिया। लात घूसों से उसकी वहीं पिटाई कर दी। युवती को युवक ने जान से मारने की धमकी दी और वहीं अकेला छोड़कर भाग गया। युवती को चोटें आई हैं। उसने अपने परिजनों को जानकारी दी इसके बाद मामला अब पुलिस के पास पहुंचा है।

Exit mobile version