पाकिस्तान और बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ अलग-अलग तीन स्थानों पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने अलसुबह जब दबिश दी तब लोग अपने घरों में सो रहे थे। पुलिस की तीनों टीम ने करीब 1150 नागरिकों से पूछताछ की। पांच संदिग्ध मिले जिनके खिलाफ धारा 128 के तहत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में 6 पुलिस अधिकारी, 8 थाना प्रभारी और 200 पुलिस बल शामिल रहे।
सुबह 4.30 बजे पुलिस ने दी दबिश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर रविवार सुबह 4.30 बजे मुसाफिरों और बिना सूचना रह रहे नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। भिलाई-3 क्षेत्र में सिटी एएसपी सुखनंदन राठौर के नेतृत्व में हथखोज, पुरैना और बजरंग पारा इलाकों में 250 से अधिक व्यक्तियों की तलाशी ली गई। इसमें 5 संदिग्ध पाए गए। एक दुपहिया वाहन जब्त किया गया।
पुलिस से पहले हम लोग भगा देंगे
उरला निवासी सावित्री देवी ने कहा कि पुलिस ने जांच की यह अच्छी बात है, लेकिन कोई बाहरी आएगा तो हम लोग पहले ही सूचना दे देंगे। अवंति बाई ने कहा कि सुबह पानी के भरने के लिए हम लोग उठ ही जाते है, लेकिन पुलिस बल को देखकर डर गए थे।
मुसाफिरी नहीं दर्ज कराए तो पड़ेंगे कानूनी पचड़े में
किराए से रहने वालों की छानबीन की गई। जिन्होंने थाना में सूचना नहीं दी थी, उन्हें अपने किराएदारों की सूचना दस्तावेजों के साथ नजदीकी थाने में अनिवार्य रूप से दर्ज कराने हिदायत दी। नहीं तो मकान मालिकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।