रायगढ़ में एक नाबालिग का 3 युवकों ने अलग-अलग समय पर दुष्कर्म किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक नाबालिग का 3 युवकों ने अलग-अलग समय पर दुष्कर्म किया। जब नाबालिग गर्भवती हो गई, तो युवक ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इस मामले में बाल कल्याण समिति ने काउंसिलिंग किया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। जिसके बाद महिला थाना में तीनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

जानकारी के अनुसार, चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग लड़की साल 2023 में बिना बताए घर छोड़कर चली गई थी। तभी उसकी मुलाकात तिलगा में रहने वाले रविन्द्र चौहान (19 साल) से हुई।

ऐसे में रविन्द्र उसे अपने घर ले गया और दो दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह नाबालिग को उसके घर छोड़कर चला गया और फिर से संपर्क नहीं किया।

सोशल मीडिया से दूसरे युवक से हुई पहचान
वहीं, साल 2024 में नाबालिग की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए से ओडिशा दीपक बोदला से हुई। दीपक रायगढ़ में प्राइवेट जाॅब करता था। वो गुरुद्रोण स्कूल के पीछे किराए के मकान में रहता था।

ऐसे में उन दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद उसने नाबालिग को अपने घर बुलाया और करीब एक सप्ताह तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई।

गर्भवती होने के बाद घर नहीं गई नाबालिग
बार-बार घर से चले जाने के कारण नाबालिग के परिजन भी उसकी खोजबीन नहीं कर रहे थे। प्रेग्नेंट होने के बाद नाबालिग भी अपने घर जाने के बजाय एक मंदिर के पास नारियल बेचने लगी।

रेलवे स्टेशन पर सोती थी। इस दौरान फिर से नाबालिग की पहचान आईटीआई क्षेत्र में रहने वाले शिवा पटनायक से हुई।

शादी का झांसा देकर ले गया घर
तब शिवा उसे यह कहकर अपने घर ले गया कि वह उससे शादी करेगा और करीब एक माह तक उसे अपने रखा। इस दौरान उसने भी नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान जब उसे पता चला कि वह करीब 7 माह की गर्भवती है, तो उसने शादी से इनकार कर दिया और नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया।

चाइल्ड लाइन को दी गई सूचना
अस्पताल प्रशासन ने नाबालिग के गर्भवती होने की सूचना चाइल्ड लाइन को दी, जिन्होंने इसकी जानकारी बाल कल्याण समिति को दी। इसके बाद बाल कल्याण समिति ने नाबालिग की काउंसलिंग की, और पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद महिला थाना में तीनों युवकों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया।

मामले में जांच की जा रही

महिला थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर ने बताया कि बाल कल्याण समिति द्वारा नाबालिग की काउंसलिंग के बाद मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन किया गया था।

जहां तीनों युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग के साथ अलग-अलग समय में तीन युवकों ने दुष्कर्म किया है।

गर्भवती होने के बाद उसे युवक छोड़कर चले गया। मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।