
जानकारी के मुताबिक ग्राम कमरगा की रहने वाली रूपई उरांव (40) ने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके ससुर रामलाल उरांव घर के आंगन में जलाऊ लकड़ी इक्ट्ठा कर रखा था।
शनिवार की शाम को मोहल्ले का परखित चौहान उसमें से एक लकड़ी को उठा कर ले गया, जिसे रामलाल ने देख लिया था। रविवार सुबह करीब 7 बजे जब रामलाल महुआ बीनने के लिए जा रहा था, तो परखित चौहान अपने घर के बाहर कुल्हाड़ी को धार कर रहा था।
तब रामलाल ने उसे लकड़ी ले जाने की बात कही, तो परखित गुस्से में आ गया। जान से मारने की नीयत से धारदार कुल्हाड़ी लेकर उसके तरफ दौड़ते हुए आया और कान के पास हमला कर दिया।
बेहोश कर जमीन पर गिरा
इससे रामलाल को गंभीर चोट पहुंची और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। उसके कान के पास से खून निकलने लगा। इस दौरान मारपीट की आवाज सुनकर रूपई और पति वहां पहुंचे, तो परखित मौके से भाग गया।
आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
जिसके बाद घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और रूपई ने मामले की सूचना लैलूंगा थाना में दी। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109 BNS के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।