
मामला छाल थाना क्षेत्र के ग्राम कीदा का है। जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली 35 वर्षीय सुकांति साहू अपने दो बच्चों के साथ घर में रहती थी। उसका पति महेंद्र साहू मजदूरी करता है। सोमवार को काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था।
बिस्तर पर पड़ी थी तीनों की लाश
गुरुवार दोपहर गांव वालों को महेंद्र के घर के पास से तेज दुर्गंध आने लगी। ग्रामीणों ने इस बारे में सरपंच को जानकारी दी। सरपंच और कुछ लोग जब मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने आसपास जांच की लेकिन कुछ नहीं दिखा।
हालांकि, घर के अंदर से आ रही तेज बदबू से उन्हें शक हुआ। जब देखा गया कि घर अंदर से बंद है और किसी की कोई आवाज नहीं आ रही, तो लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा किसी तरह खोला गया। अंदर देखा कि बिस्तर पर सुकांति साहू (35 साल), उसका बेटा युगल साहू (10 साल) और बेटी प्राची साहू (8 साल) की लाशें पड़ी थीं।
3-4 दिन पहले मौत होने की आशंका
शव काफी हद तक सड़ चुके थे। पुलिस ने आशंका जताई कि इनकी मौत 3 से 4 दिन पहले हुई होगी। पूरे कमरे में दुर्गंध फैली हुई थी। पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है और मृतका के पति महेन्द्र साहू समेत आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक मौत को लेकर कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है।
पीएम के बाद खुलासा हो सकेगा
छाल थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतकों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव बुरी तरह सड़ चुके थे। मृतका के पति महेन्द्र साहू ने पूछताछ में बताया कि वह सोमवार से मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था।
फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।