छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वो अपने साथियों के साथ घरघोड़ा की ओर जा रहा था। तभी कंचनपुर बायपास रोड पर हादसा हो गया। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक-2 निवासी किशन यादव (20) के रूप में हुई है। वो रविवार की रात को बाइक पर सवार होकर अपने साथी अजय भट्ट और शुभम केंवट के साथ छाल रोड बायपास कंचनपुर से घरघोड़ा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान अज्ञात वाहन के ड्राइवर ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे किशन यादव के पैर और शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद उसके साथी अजय और शुभम वहां से भाग गए।आसपास के लोगों ने मामले की सूचना डायल-112 को दी।
पुलिस आगे की कार्रवाई में जूटी
ऐसे में तत्काल डायल-112 के जवान मौके पर पहुंचे। किशन को घरघोड़ा अस्पताल लाए, लेकिन शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मामले की सूचना पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।