छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में धान और जमीन बंटवारे की बात पर छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। उसके पेट में बसुला से वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, गांव बैस्कीमुड़ा निवासी अर्जुन पैंकरा (37 साल) शुक्रवार की रात अपने छोटे भाई अरविंद पैंकरा से घर में जमीन और धान के बंटवारे को लेकर बात कर रहा था।
बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि अरविंद ने गुस्से में आकर लकड़ी छीलने वाले औजार ‘बसुला’ से बड़े भाई अर्जुन के पेट पर हमला कर दिया।
इससे अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में गंभीर रूप से घायल अर्जुन को परिजन इलाज के लिए अशर्फी देवी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे।
मजबूरन वे उसे मानव भवन लॉज में ठहराए। कुछ देर बाद उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर के नहीं मिलने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने अर्जुन के गहरे जख्म को देखकर इलाज नहीं होने की बात कही। जिसके बाद परिजन अर्जुन को वापस गांव बैस्कीमुड़ा ला रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि विवाद के दौरान अरविंद ने बसुला से वार कर अपने भाई की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी अरविंद पैंकरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।