छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गरज के साथ तेज बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। सुबह तक कई मोहल्लों में पानी घरों के अंदर घुस गया, वहीं अंडरग्राउंड पुलों में नाले का पानी भर गया, जिससे आवागमन ठप हो गया।
पिछले दो दिनों से शहर का मौसम बदला हुआ था और रुक-रुक कर बारिश हो रही थी, लेकिन बुधवार की रात तेज बारिश ने शहर की स्थिति बिगाड़ दी। सुबह होते-होते कई इलाकों में बिजली गुल हो गई और बारिश का पानी सड़कों से होते हुए घरों तक पहुंच गया।
केलो विहार रोड, मां विहार क्षेत्र, छोटे अतरमुड़ा, विनोबा नगर, मोदी नगर, गुजराती पारा, पैठू डबरी क्षेत्र और रामनिवास टॉकीज रोड समेत कई इलाकों में पानी घुस गया।
मौदहापारा क्षेत्र के रेलवे के अंडर ग्राउंड पुल में घुटनों तक नाले का पानी भर गया था। इस वजह से लोगों ने उस रास्ते से आना-जाना बंद कर दिया, ताकि कोई हादसा न हो। दोपहर करीब 12 बजे के बाद पानी बंद हुआ, तब पानी धीरे-धीरे उतरने लगा और लोगों ने राहत की सांस ली
मोदी नगर के घरों में पानी हर साल की तरह इस बार भी मोदीनगर मोहल्ले में पानी भर गया था। यहां बिल्डिंग के नीचे कई घरों में घुटनों तक पानी भरा हुआ था और क्षेत्रवासी परेशान हो रहे थे। इससे घरों का सामान भी पानी में भीगकर खराब हो गया और रास्ते में पूरा पानी भरा हुआ था।
घुटनों तक घरों मे घुसा पानी प्रतिमा शर्मा ने बताया कि ये मोदीनगर है। बारिश अभी तोड़ा कम हुआ है। सुबह जब नाला भरने लगा था, तो हमें डर लगने लगा था। घर के अंदर घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया था।
काॅलोनी में नीचे जिनका भी घर है। सभी घरों में पानी घुस गया और नुकसान भी हुआ। पार्षद आए थे। अभी घरों में सफाई चल रही है।
पूरे काॅलोनी में भरा पानी रेखा अग्रवाल ने बताया कि मोदीनगर में 5-6 घंटे से पानी भरा हुआ है। घर के अंदर और अलमारी में पानी घुस गया। पूरे काॅलोनी में पानी भरा हुआ है। अभी तक कोई नहीं आए बस पार्षद आयी थीं। हर साल ऐसी परेशानी होती है। पीछे भी साफ-सफाई नहीं होती है।
निगम की टीम लगी हुई है नगर निगम उपायुक्त सुतीक्षण यादव ने बताया कि निगम द्वारा सभी वार्डों में नालियों की सफाई कराई गई थी और कहीं भी नाला जाम होने की शिकायत नहीं है। जरूर बारिश अधिक होने से 4-5 वार्ड प्रभावित हुए थे। उसमें हमारी टीम लगी हुई थी। अभी सभी जगह पानी निकल चुका है। यदि कहीं जलभराव की स्थिति मिलती है तो तत्काल हमारी टीम वहां जा रही है। मोदी नगर में एक-दो घरों में पानी घुसा था। अभी हमारी टीम वहां है।