रायगढ़ जिले में गर्मी बढ़ते ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गर्मी बढ़ते ही जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ गई है। शनिवार शाम धनुहारडेरा के पहाड़ों में आग लग गई, जो धीरे-धीरे फैलते हुए एक पहाड़ से दूसरे पहाड़ तक पहुंच गई। सुबह तक नवापाली के जंगल में भी आग की लपटें देखी गईं, जिसे बुझाने का प्रयास जारी है।

शाम को आग लगने के बाद धुआं उठता देखा गया, लेकिन जैसे-जैसे रात होने लगी तो आग की लपटें दूर से स्पष्ट नजर आने लगी।

धनुहारडेरा के जंगल में आग काफी फैल चुकी थी, जिसे बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन पूरी तरह से नियंत्रण नहीं पाया जा सका। इसके चलते आग सुबह तक नवापाली बीट तक पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि पहाड़ के निचले हिस्से में भी आग तेजी से फैल रही थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी ब्लोवर मशीन की मदद से आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।जंगल भ्रमण पर उठ रहे सवाल

वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, जंगल में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे परिसर रक्षकों के जंगल भ्रमण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

गर्मी के मौसम में हर बीट में फायर वॉचर तैनात किया जाता है, लेकिन जब जंगल में आग तेजी से फैलती है, तो विभाग को इसकी जानकारी देर से मिलती है। कई बार आग की सूचना तब मिलती है जब सेटेलाइट सिस्टम से अलर्ट आता है। इसके बाद ही आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है, जिससे नुकसान बढ़ जाता है।

समिति से कोई मतलब नहीं
जुर्डा वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तोषराम नायक ने बताया कि वन प्रबंधन समिति से विभाग को कोई मतलब नहीं है। पहले अग्नि सुरक्षा को लेकर वन मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाती थी, जिनमें समिति के सदस्यों की भूमिका अहम होती थी।

उन्होंने कहा कि पहले जंगल में आग लगने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे बुझाने के लिए आगे आते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होता। वन विभाग ने वन प्रबंधन समिति की अहमियत कम कर दी है, जिससे ग्रामीणों की सहभागिता भी घट गई है।आग को बुझाया जा रहा है
इस संबंध में रेंगालपाली सर्किल प्रभारी शरद बैक ने बताया कि आग कल शाम से लगी थी। जानकारी मिलने के बाद से आग को बुझाने की कोशिश की जा रही है।

धनुहारडेरा क्षेत्र में आग को नियंत्रित किया गया, लेकिन इसी दौरान नवापाली के कक्ष क्रमांक 1009 में आग और तेजी से फैल गई। साथ ही, राजस्व क्षेत्र में भी आग लगने की खबर है, जिसे बुझाने के प्रयास जारी है।