रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष को लेकर विवाद के बीच कांग्रेस के 8 में से 5 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया

Chhattisgarh Crimesरायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष को लेकर विवाद के बीच कांग्रेस के 8 में से 5 पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया है, इसे लेकर ही बाकी पार्षदों में नाराजगी है।

दरअसल, निगम बजट के पहले शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया था। इसके लिए लेटर भी जारी कर दिया गया था। अब PCC ने आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त कर दिया। इस पर संदीप साहू ने कहा कि, PCC की तानाशाही चल रही है।

वहीं, भाजपा नेता केदार गुप्ता ने इसे ओबीसी वर्ग का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ ओबीसी की राजनीति करती है संदीप साहू ओबीसी वर्ग से आते हैं और उन्हें ही हटा दिया गया।

इन 5 पार्षदों ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया-

  1. संदीप साहू
  2. उपनेता प्रतिपक्ष जयश्री नायक
  3. रोनिता प्रकाश जगत
  4. दीप मनीराम साहू
  5. रेणु जयंत साहू

    भाजपा बोली- तेरा मेरा के चक्कर में कांग्रेस उलझी

    भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के इस निर्णय ने कांग्रेस की पूरी पोल खोल कर रख दी है। पहले संदीप साहू के नाम का लेटर जारी हुआ, सामान्य सभा में वे नेता प्रतिपक्ष रहे। अब दूसरा लेटर दूसरे नेता के नाम से जारी किया है।

    मुझे लगता है कि कांग्रेस में एक जुटता नहीं है। पता नहीं किसका दबाव था समझ के बाहर है। एक तरफ कांग्रेस में गहरी गुटबाजी है। आपस में कहीं भाई भतीजावाद है। तेरा मेरा के चक्कर में कांग्रेस पार्टी उलझ गई है जनता ने उन्हें दरकिनार कर दिया है। 7 पार्षद लेने कर आए थे, अब बचे कितने हैं देखो?

    पहले संदीप साहू को बनाया गया था नेता प्रतिपक्ष

    संदीप का दावा है कि, उनकी नियुक्ति PCC की पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर की मौजूदगी में सभी पार्षदों और विधायकों से चर्चा के बाद हुई थी। बाकायदा पीसीसी के पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर ने सभी छाया पार्षदों और विधायकों से चर्चा करने के बाद उनके नाम का ऐलान किया था। पार्षद दल का नेता चुनने के लिए नेताओं से भी बात की, फिर नगर निगम आयुक्त और महापौर को लेटर भेजा गया था।

    कांग्रेस बोली- आकाश तिवारी को नियुक्त करना चाहिए

    कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चुनने की प्रक्रिया है। उस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद प्रदेश के सभी नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की सूची जारी की गई। उसे विधिवत नगर निगम को भेजा गया है।

    रायपुर निगम में भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी मंत्री मलकीत सिंह गैदू ने सूचित किया है। इस पर नगर निगम को कार्रवाई करनी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। इसलिए निगम को उन्हें ही नेता प्रतिपक्ष नियुक्त करना चाहिए।

    16 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस ने आकाश को बनाया नेता प्रतिपक्ष

    16 अप्रैल को कांग्रेस की ओर से 10 नगर निगमों के नेता प्रतिपक्ष और उप नेता प्रतिपक्ष के नामों की नई लिस्ट जारी की गई थी। इसमें रायपुर से आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष और जयश्री नायक को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इससे पार्टी के भीतर भी नाराज़गी देखी गई थी और साहू समाज के लोगों ने भी कांग्रेस भवन जाकर विरोध किया था।

    बगावत से वापसी तक

    चुनाव के वक्त जब कांग्रेस ने आकाश तिवारी को टिकट नहीं दिया, तो उन्होंने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत गए। तब पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था। लेकिन अब पार्टी उन्हें वापस लेकर नेता प्रतिपक्ष बना रही है। वहीं संदीप साहू भी अपना दावा ठोक रहे हैं ऐसे में कांग्रेस के अंदर कई सवाल और कन्ट्रोवर्सी खड़ी हो गई है।