छत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं की गुंडागर्दी पर राज्य सरकार ने सख्ती दिखाई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं की गुंडागर्दी पर राज्य सरकार ने सख्ती दिखाई है, जिसके बाद बिलासपुर जिला प्रशासन ने रेत माफियाओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। एक ही दिन में प्रशासन की 70 टीम ने अलग-अलग 85 जगहों पर छापेमारी की।

इस दौरान जेसीबी, पोकलेन, हाईवा और ट्रैक्टर समेत 52 गाड़ियां जब्त की। साथ ही अवैध रेत भंडारण जब्त कर कई केस भी दर्ज किए गए। कार्रवाई के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

एक तरफ अवैध रेत उत्खनन को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिकाओं की लगातार सुनवाई चल रही है। वहीं, दूसरी तरफ रेत माफिया लगातार गुंडागर्दी कर कभी गोलीकांड तो कभी मारपीट कर रहे हैं।

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद भी रेत माफियाओं और प्रशासन के बीच सांठगांठ के आरोप लगते रहे हैं। इसे लेकर राज्य सरकार ने सख्ती दिखाई है। जिसके बाद बिलासपुर में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने रविवार को जिला खनिज टास्क फोर्स की आपात बैठक बुलाई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्रवाई बेखौफ होकर की जाए।

खनिज विभाग को उन स्थानों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए जहां सबसे अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। रात में ही योजना बना ली गई कि किन-किन स्थानों पर छापा मारना है।

सुबह निकली 70 टीम, दिन भर चली कार्रवाई, 52 गाड़ी जब्त

जिसके बाद सोमवार सुबह एसडीएम, एसडीओपी, सीएसपी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी और खनिज विभाग के अधिकारियों की 70 टीमों को रवाना किया गया। इस दौरान टीम में शामिल अफसर और 100 से अधिक पुलिस जवानों ने जिले के 85 जगहों पर छापेमारी की।

इस कार्रवाई में 13 स्थानों पर डंप हजारों घनमीटर रेत जब्त की गई। इसके अलावा 3 पोकलेन, 2 जेसीबी, 13 हाइवा और 34 ट्रैक्टर सहित कुल 52 वाहन पकड़े गए। 40 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिनके वाहन जब्त किए गए हैं, उनके खिलाफ जुर्माने की सूची तैयार की जा रही है।