रात भर हुई रिमझिम बारिश, सुबह निकली तेज धूप

Chhattisgarh Crimes27 अप्रैल को लगभग पूरे छत्तीसगढ़ में अचानक मौसम बदला। इसमें रायपुर, बिलासपुर सहित कई जगहों पर तेज बारिश हुई। वहीं दुर्ग जिले में देर शाम हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, रात भर रिमझिम बारिश हुई और अगली सुबह फिर तेज धूप निकल आई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। दुर्ग जिले में पारा 5 डिग्री नीचे चला गया है। इससे गर्मी से राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों ने 17 जिलों के लिए यलो और सरगुजा-बस्तर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस और ट्रफ से बदला मौसम

मौसम वैज्ञानिक सुनील कुमार गुप्ता के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से नमी आने और वेस्टर्न डिस्टरबेंस और ट्रफ के कारण तेज गर्मी के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अधिकांश जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बिजली और ओले भी गिर सकते हैं। प्रदेश के सभी संभागों में इसका असर रहेगा।

दुर्ग में हुई 2.1 एमएम बारिश

रिपोर्ट के मुताबिक, 1 मार्च 2025 से लेकर 27 अप्रैल 2025 के बीच दुर्ग में 2.1 एमएम बारिश हुई है। यह यहां की औसत बारिश का 80 प्रतिशत कम है। यहां इतने दिन में 10.7 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। वहीं सबसे अधिक बारिश बीजापुर और गरियाबंद जिले में हुई है।

बीजापुर जिले में 21.5 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। इसके एवज में यहां 256 प्रतिशत अधिक यानि 76.6 एमएम बारिश हुई है। इसी तरह गरियाबंद जिले में भी 9.7 एमएम बारिश होनी थी, लेकिन यहां 230 प्रतिशत अधिक यानि 32.1 एमएम बारिश हुई है।

फिर पारा 42 के पार पहुंचेगा

दुर्ग जिले की बात करें तो यहां शाम से बदली दिखाई दे रही थी। इसके बाद तेज आंधी और फिर बूंदाबांदी शुरू हुई और रात भर हल्की बारिश होती रही। वहीं सुबह निकली तेज धूप ने फिर गर्मी का एहसास बढ़ा दिया। यदि इसी तरह धूप रही तो फिर से पारा 42 के पार पहुंच जाएगा।

Exit mobile version