सक्ती जिले के झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ सरकारी जमीन निजी लोगों के नाम दर्ज कराने का आरोप लगा

Chhattisgarh Crimesसक्ती जिले के झालरौंदा गांव में करीब 400 एकड़ सरकारी जमीन निजी लोगों के नाम दर्ज कराने का आरोप लगा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा ने कलेक्टर जयश्री जैन से शिकायत कर जमीन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, फर्जी किसान पंजीयन और धान खरीदी की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि सरकारी जमीन को निजी नाम पर दर्ज कराकर धान बेचा गया, बोनस लिया गया और बैंकों से लोन भी लिया गया। कलेक्टर ने मामले की जांच के लिए डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है।

इस मामले में तत्कालीन पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। पटवारी के कार्यकाल में जमीन रिकॉर्ड में गड़बड़ी का आरोप

पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा के मुताबिक, झालरौंदा में पदस्थ रहे पटवारी विशेश्वर सिंह सिदार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में सरकारी जमीन अलग-अलग लोगों के नाम दर्ज की गई।

आरोप है कि इसके लिए प्रति एकड़ करीब 50 हजार रुपए तक लेन-देन हुआ। जमीन के रिकॉर्ड में बदलाव कर फर्जी किसान पंजीयन और पर्चियां तैयार कराई गईं।

शिकायत में कहा गया है कि इन्हीं पर्चियों के आधार पर सेवा सहकारी समिति में धान बेचा गया। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और बैंकों से लोन लेने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता ने इसमें पटवारी के साथ तहसील स्तर के अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जताई है।

एक परिवार के कई सदस्यों के नाम पर जमीन दर्ज होने का दावा

शिकायत में कुछ परिवारों के सदस्यों के नाम पर बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन दर्ज होने का दावा किया गया है। रमेश चंद्रा ने दीपक चौहान, घसिया राम कुर्रे और राकेश के नामों का जिक्र करते हुए जांच की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, दीपक चौहान के परिवार के सदस्यों के नाम पर ही 30 एकड़ से ज्यादा जमीन दर्ज है। इनमें अनिता चौहान के नाम 0.83 हेक्टेयर, दीपक कुमार चौहान के नाम 3.905 हेक्टेयर, दीपिका चौहान के नाम 1.368 हेक्टेयर, दुजराम चौहान के नाम 1.444 हेक्टेयर, विमला बाई के नाम 4.507 हेक्टेयर और राजू प्रसाद चौहान के नाम 5.574 हेक्टेयर जमीन दर्ज होने का दावा किया गया है।

Exit mobile version