सरगुजा का युवक रकम दोगुना करने के झांसे में आकर 11 लाख 17 हजार रुपए से अधिक की ठगी का शिकार हो गया

Chhattisgarh Crimesसरगुजा का युवक रकम दोगुना करने के झांसे में आकर 11 लाख 17 हजार रुपए से अधिक की ठगी का शिकार हो गया। युवक के टेलीग्राम में इन्वेस्टमेंट का मैसेज आया। चैटिंग में उसे भरोसा दिया गया कि निवेशित रकम दोगुना हो जाएगा। युवक ने तीन बार पैसे जमा किए तो उसे एक घंटे में ही दोगुनी राशि मिल गई। लालच में आकर युवक ने 11 लाख से अधिक राशि जमा कर दी तो उसे रिटर्न आना बंद हो गया। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, लखनपुर थाना अंतर्गत ग्राम केवरी निवासी ब्रम्हा दास (32 वर्ष) के टेलीग्राम अकाउंट में दिसंबर 2024 में एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि वे गोल्ड कॉइंस नाम की कंपनी में ऑनलाइन गोल्ड खरीदने व बेचने का काम करते हैं। शुरू में 8 हजार रुपये का निवेश करना होगा। उनके कहने पर ब्रम्हा दास ने 26 दिसंबर 2024 को 8 हजार रुपए फोन-पे से जमा कराए। उसे एक घंटे में ही 16 हजार रुपए वापस मिल गए।

पहले डबल मिले पैसे तो जमा कराई राशि ब्रम्हा दास ने 27 दिसंबर को उनके बताए एक निजी खाते में 10 हजार रुपए जमा किया। उसे एक घंटे में ही 20 हजार रुपए वापस मिल गया। 27 दिसंबर को ही उसने यश बैंक के खाता धारक के अकाउंट में 21 हजार 321 रुपए जमा किया तो उसे एक घंटे में 40 हजार रुपए वापस मिले।

जब ब्रम्हा दास लालच में आ गया तो उसने 29 दिसंबर को एक खाते में 50 हजार, फिर 10 जनवरी 2025 को एक निजी खाते में 99 हजार रुपए, 11 जनवरी को निजी खाते में 45 हजार रुपए, 31 जनवरी को 50 हजार रुपए जमा किया।

ठगों द्वारा और राशि मांगे जाने पर युवक ने 31 जनवरी को 3 लाख 90 हजार रुपए RTGS कर निजी खाते में भेजा। 10 फरवरी को उसने फिर से 40 हजार रुपए एवं 11 फरवरी को 70 हजार एवं 98 हजार रुपए निजी खातों में भेजा। 12 मार्च को ठगे के दिए गए अकाउंट नंबर पर ब्रम्हा दास ने फिर से 50 हजार रुपए जमा किए। ठगों ने यह राशि अलग-अलग निजी खातों में जमा कराई।

राशि वापस नहीं मिली तो दर्ज कराई एफआईआर ब्रम्हा सिंह ने 18 मार्च 2025 तक कुल 11 लाख 17 हजार रुपए से अधिक की राशि ठगों के बताए निजी खातों में जमा कराया, लेकिन उसे राशि वापस नहीं मिली तो उसे ठगी का एहसास हुआ। ब्रम्हा सिंह ने इसकी शिकायत लखनपुर थाने में दर्ज कराई।

रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में धारा 318 (4) एवं आईटी एक्ट की धारा 66 डी के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version