
दरअसल, अंबिकापुर के अंबेडकर चौक के पास बुलेट सवार युवक चलती बाइक पर खड़े होकर खतरनाक स्टंट करता दिख रहा है। वहीं, बुलेट सवार युवकों ने मैनपाट में चलती बाइक के सामने का टायर उठाकर बाइक चलाने की कोशिश करते दिखे। दोनों ही वीडियो में बाइक सवार चालू सड़क पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
कार से स्टंट, वीडियो बनाकर किया पोस्ट
एक और वीडियो में फॉरच्यूनर सवार युवकों ने तेज गति में चलाते हुए कार के फिसलने का वीडियो बनाया। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो फॉरच्यूनर को चलाते हुए युवकों ने वीडियो रिकार्ड किया है। दोनों कारों के ड्राइवर खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हुए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
इस मामले में सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि, वायरल वीडियो से युवकों और वाहनों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए थाना और चौकी पुलिस को निर्देश दिया गया है। इस तरह की गतिविधि पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
सरगुजा पुलिस के अनुसार बुलेट वाहन पर स्टंट करने वाला युवक रघुनाथपुर इलाके का है। उसका नाम सोहेब बताया गया है। जिस बुलेट से युवक स्टंट कर रहा था, उसमें सामने नंबर प्लेट तक नहीं है।
मामूली जुर्माने से हौसले बुलंद
सरगुजा में पहले भी वाहनों से स्टंट के कई वीडियो सामने आए हैं। जिनमें पुलिस ने कार्रवाई भी की है। अंबिकापुर के सरगवां पैलेस में डीएसपी तस्लीम आरिफ की पत्नी द्वारा नीली बत्ती लगी कार पर बैठकर बर्थडे मनाने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
जिन धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है, उसमें मात्र 2500 रुपए के अर्थदंड का प्रावधान है। अन्य मामलों में भी बाइकर्स मामूली जुर्माना जमा कर रहे हैं, जिससे बाइकर्स और स्टंट बाजों के हौसले बुलंद हैं।