राजधानी रायपुर में सराफा दुकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर में सराफा दुकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। कचना बाजार चौक स्थित शिव ज्वेलर्स में देर रात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने कटर मशीन से दुकान का ताला काटा और अंदर घुसकर सोने-चांदी के लाखों रुपए के जेवर लेकर फरार हो गए।

शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 35 तोला सोना और एक किलो से ज्यादा चांदी चोरी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। यह मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक वारदात रात के समय हुई। चोरों ने पहले दुकान के बाहर लगे शटर और ताले को कटर मशीन की मदद से काटा।

इसके बाद दुकान के अंदर रखे जेवरात को समेटकर मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान संचालक पहुंचा तो चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

35 तोला सोना और चांदी के जेवर गायब

प्रारंभिक जांच में करीब 35 तोला सोने के आभूषण और एक किलो से ज्यादा चांदी के जेवर चोरी होने की जानकारी मिली है।

फिलहाल चोरी हुए सामान की कुल कीमत का पता लगाया जा रहा है। दुकान संचालक स्टॉक का मिलान कर रहे हैं। इसके बाद चोरी हुए सामान और नुकसान की सही जानकारी सामने आएगी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने आरोपी शामिल थे और वे किस रास्ते से दुकान तक पहुंचे थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए टीम जुटी हुई है।

Exit mobile version