
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम की पेट्रोलिंग पार्टी बनारस रोड स्थित होटल बंधन इन के आगे पहुंची, तो महिला और पुरुष पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को दौड़ाकर पकड़ा। उनके पास रखे हुए पिट्ठू बैग की पुलिस ने जांच की तो उसमें नशीला इंजेक्शन और कफ सिरप बरामद हुआ।
होमगार्ड का जवान है आरोपी
पकड़ा गया युवक श्रवण कुमार कुशवाहा (35) निवासी सुभाषनगर होमगार्ड का जवान है। वो मणिपुर थाने में सेवाएं दे रहा है। वहीं, महिला गायत्री राजवाड़े उसकी दूसरी पत्नी है। श्रवण कुमार कुशवाहा मूलतः भैयाथान थाना क्षेत्र का है। दोनों पहले भी नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं।
ये नशीले सामान हुए जब्त
आरोपियों के कब्जे से रेक्सोजेसिक इंजेक्शन 40 नग, एविल इंजेक्शन 31 नग और ओनेरेक्स कफ सिरप 6 नग जब्त हुआ है। जब्त नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप की कीमत 75 हजार रुपए बताई गई है। गायत्री कुशवाहा के पास 5700 रुपए कैश भी जब्त हुआ है। जो बिक्री का पैसा है।
गांधीनगर थाना प्रभारी गौरव कुमार पांडेय ने बताया कि, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 22(सी) एनडीपीएस एक्ट का अपराध दर्ज किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।