
महेश हरपाल / छत्तीसगढ़ क्राइम्स
बागबाहरा। पंचायती राज में गाँवो की सर्वांगीण विकास के लिए सरपंच-सचिव , ग्रामवासी मिलकर योजनाओं का क्रियान्वन करते है। इसके लिए ग्राम पंचायत में मूलभूत ,चौदहवें व पंद्रहवें वित्त व पंचायत को टैक्स वसूली की राशि को आवश्यकता अनुसार खर्च किया जाता है लेकिन बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पंचायत गांजर में विभिन्न योजना की राशि गलत तरीके से बिल लगाकर विकास के बजाए स्वहित में खर्च किया जा रहा है। ऐसे मामले में सरपंच सचिव की शिकायत होने के बाद भी विभागीय अफसर की उदासीनता इनके हौसलें को बुलंद करते हैं। जनपद स्तर पर शिकायत पर जांच न होता देख उपसरपंच सहित गांव के अन्य पंचों द्वारा कलेक्टर, जिलापंचायत सीईओ एवं सीईओ से की है।
अमित साहू उपसरपंच सहित अन्य 10 पंचों ने बताया कि पूर्व में भी सरपंच , सरपंच प्रतिनिधि एवं सचिव द्वारा मकान टेक्स के नाम पर उगाही की गई थी। लेकिन इस राशि का उल्लेख पंचायत के आय व्यय में संधारित नही किया गया है और उस राशि का दुरुपयोग करने की शिकायत जनपद सीईओ बागबाहरा से की गई, लेकिन अब तक कार्यवाही नही हुई ।
कार्यवाही नही होते देख गांजर के ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर महासमुन्द , जिला पंचायत सीईओ को लिखित शिकायत कर ग्राम गांजर वार्ड क्रमांक सात में बिना पाइपलाइन कराए 26653 रुपये की राशि का आहरण, वार्ड क्रमांक तीन में बिना पाइपलाइन के 15512 रुपये की राशि का आहरण , पानी टंकी निर्माण के नाम पर 18000 रुपये राशि का आहरण , वार्ड क्रमांक तीन में एक एचपी मोटर पम्प डालकर डेढ़ एचपी मोटर पम्प की राशि आहरण , वार्ड नं एक में पूर्व में मोटर पम्प स्थापना के नाम पर राशि का आहरण कर दुबारा राशि आहरण करने प्रस्ताव किया गया व हेण्डपम्प मरम्मत एवम पाइपलाइन के नाम पर राशि आहरण, वही क़वारेन्टीन सेंटर में प्रवासी मजदूरों को रखने एवम भोजन देने के नाम पर 50 हजार की राशि का आहरण, फर्नीचर खरीदी की फर्जी बिल लगाकर अधिक राशि का आहरण किया गया है ।
इस शिकायत के आधार पर यह कहा जा सकता है कि पंचायत में विकास कार्यों के लिए आने वाली राशि सरपंच- सचिव के लिए आर्थिक चारागाह साबित हो रहा है । ग्राम पंचायत गांजर में जिम्मेदार व्यक्तियों द्वारा पंचायतीराज अधिनियम के नियम कानून को धता बताकर अपना कानून चला रहे। हालांकि पचायत में होने वाली आय व्यय की जानकारी जनपद पंचायत में जमा किया जाता हैं परन्तु अधिकारी के अकर्मण्यता के चलते सरपंच सचिव अपनी मनमानी कर फर्जी कार्य को अंजाम दिया जा रहा है।
इस पूरे मामले की जानकारी लेने एवं पक्ष जानने के लिए श्रीमती पानोबाई मेहर सरपंच गांजर से मोबाईल के माध्यम से संपर्क किया गया, परन्तु उनसे संपर्क स्थापित नही हो पाया।
दो माह पूर्व ही ग्राम पंचायत गांजर का प्रभार लिया हूँ, पूर्व पंचायत सचिव के कार्यकाल का मामला है- ओमप्रकाश धृतलहरे सचिव ग्राम पंचायत गांजर
ग्राम पंचायत गांजर के सरपंच के विरुद्ध लिखित शिकायत मिली, जिस पर मैंने तत्काल जांच के लिए निर्देशित कर दिया है अब नए सीईओ ही इस मामले पर उचित जानकारी दे पाएंगे- एमआर यदु पूर्व सीईओ जनपद पंचायत बागबाहरा
मेरी संज्ञान में नही है, इस मामले की जानकारी लेने के बाद ही कुछ बता पाऊंगी- पूजा बंसल वर्तमान सीईओ जनपद पंचायत बागबाहरा