SECL कर्मियों से भरी बस पुलिया से नीचे गिरी

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले में SECL भटगांव एरिया के जगन्नाथपुर माइंस (महान 3) के 16 कर्मियों को लेकर जा रही बस पुल से नीचे जा रही। जरही से जगन्नाथपुर जाते समय बोझा के पास ये हादसा हुआ। हादसे में बस चालक की मौके पर मौत हो गई और SECL के 7 कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

3 कर्मियों को घटनास्थल से अंबिकापुर भेज दिया गया। अन्य घायलों को भटगांव हॉस्पिटल लाया गया, जहां से 4 कर्मियों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा जरही-केरता मार्ग में ग्राम बोझा के पास रात करीब 10 बजे हुआ। रात्रि पाली ड्यूटी के 16 कर्मियों को लेकर SECL की अनुबंधित बस जरही से जगन्नाथपुर माइंस जाने के लिए निकली थी।

ग्राम बोझा के पास सुखड़ू पुलिया में बस बेकाबू होकर नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में बस में सवार सभी कर्मचारी घायल हो गए।

गंभीर घायल अंबिकापुर रेफर

बस के ठीक पीछे आ रहे मैनेजर ने बस को नीचे गिरा देख गाड़ी रोकी। बस के चालक की मौके पर मौत हो गई और कई कर्मी गंभीर रूप से घायल मिले। खान प्रबंधक ने गंभीर रूप से घायल तीन कर्मचारियों को घटनास्थल से ही अपने वाहन से अंबिकापुर जीवन ज्योति हॉस्पिटल भेजा। एंबुलेंस की मदद से अन्य घायलों को SECL भटगांव हॉस्पिटल लाया गया।

SECL के हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद दीपक राजवाड़े सहित चार अन्य कर्मियों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। शेष घायलों का उपचार SECL भटगांव हॉस्पिटल में किया जा रहा है। घटना की सूचना पर सूरजपुर कलेक्टर और एसपी भी भटगांव हॉस्पिटल पहुंचे। SECL भटगांव के जीएम सहित अन्य अधिकारी देर रात तक हॉस्पिटल में मौजूद रहे।

संकीर्ण पुलिया के कारण हादसा

जिस पुलिया पर बस पलटी है, वहां पहले भी हादसा हो चुका है। मोड़ के ठीक बाद संकीर्ण पुलिया है। बस की रफ्तार तेज होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस नीचे जा गिरी। चालक का शव घंटों बस में फंसा रहा।

Exit mobile version