शादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में अंबिकापुर महिला थाना पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया

Chhattisgarh Crimesशादी के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में अंबिकापुर महिला थाना पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। युवती की शादी एक साल पहले बलरामपुर निवासी युवक से हुई थी। विवाहिता को पहली संतान लड़की हुई तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घर से निकाल दिया और दहेज में 10 लाख रुपए मांगे। बाद में युवक की दूसरी शादी भी करा दी।

जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के धौरपुर के ग्राम जोरी निवासी सीमा यादव की शादी सामाजिक रीति रिवाज के साथ 21 अप्रैल 2024 को बलरामपुर जिले के ग्राम सौनी निवासी विनोद यादव के साथ हुआ था। शिकायत में सीमा यादव ने बताया कि शादी के बाद से पति, सास और ससुर ने दहेज में कम सामान और कम पैसा मिलना बताकर शारीरिक-मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

बेटी हुई तो घर से निकाला, 10 लाख मांगे

जनवरी 2025 में सीमा यादव को बेटी हुई तो पति, सास और ससुर ने उसे घर से निकाल दिया। सीमा यादव ने प्रताड़ना की जानकारी अपने पिता को दी तो वे उसे अपने घर जोरी ले आए। सीमा के पिता ने विनोद यादव और परिवारजनों से बात की तो उन्होंने दहेज में चार पहिया वाहन खरीदने के लिए 10 लाख रुपए मांगे। विवाहिता के पिता ने राशि दे पाने में असमर्थता जताई।

सीमा यादव ने प्रताड़ना की शिकायत महिला थाने में की। महिला थाने में दोनों पक्षों के बीच काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के बाद भी पति ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया। सीमा अपने पिता के घर में ही रह रही है।

पति ने की दूसरी शादी, FIR दर्ज

कुछ दिनों के बाद पता चला कि उसके पति विनोद यादव ने किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली है। इससे परेशान होकर सीमा यादव ने मामले की शिकायत महिला थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने पति विनोद यादव (30) ससुर भगवत यादव और सास अन्तिया देवी के खिलाफ धारा 3 (5) एवं 85 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।