बिलासपुर में शराब दुकान के सामने दिनदहाड़े एक बदमाश चाकू लेकर युवक को दौड़ा दिया, फिर उससे पैसे भी लूट लिए

Chhattisgarh Crimes
Oplus_131072

बिलासपुर में शराब दुकान के सामने दिनदहाड़े एक बदमाश चाकू लेकर युवक को दौड़ा दिया, फिर उससे पैसे भी लूट लिए। हालांकि, डर के कारण युवक ने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की है। गुंडागर्दी कर रंगदारी और लूटपाट करने वाले बदमाश का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। जिसमें वह चाकू लेकर दौड़ाते और जेब से पैसे निकालते दिख रहा है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

बताया जा रहा है कि, महाराणा प्रताप चौक स्थित शराब दुकान के सामने शनिवार की शाम एक युवक अपने साथियों के साथ खड़ा था। दुकान के पास रहने वाला ईशु वहां मौजूद था। उसने शराब दुकान के पास खड़े एक युवक को चाकू दिखाकर डराया और उसकी जेब से जबरन पैसे निकाल लिए।

उसकी हरकतों को देखकर युवक सहम गया। डर के कारण वह किसी तरह विरोध भी नहीं कर सका। इस दौरान युवक उसे चाकू लेकर मारने भी दौड़ाया। फिर भी वो वहां से चुपचाप चला गया।

नशेड़ी-बदमाश है युवक, गुंडागर्दी और रंगदारी को बनाया पेशा

बताया जा रहा है कि ईशु आदतन नशेड़ी है। वह आए दिन इस तरह से गुंडागर्दी, रंगदारी और लूटपाट करता है। लेकिन, उसके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उसकी हरकतों को देख डर के कारण लोग शिकायत भी नहीं करते। इस घटना की पुष्टि तब हुई जब दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सामने आया।

सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो

शराब दुकान का यह सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक चाकू लेकर युवक को धमकाता नजर आ रहा है। इस दौरान वो युवक के जेब से पैसे निकालते और फिर चाकू निकालकर उस पर हमला करने की कोशिश करते दिख रहा है। उसकी दहशत में युवक विरोध भी नहीं कर सका।

इस वायरल वीडियो पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। सिविल लाइन टीआई एसआर साहू का कहना है कि शराब दुकान के पास लूटपाट होने की कोई जानकारी नहीं है। न ही किसी ने शिकायत की है। वायरल वीडियो की जानकारी लेकर मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।