
लद्दाख। भारतीय सेना ने चीन बॉर्डर पर वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी LAC पर निगरानी बढ़ा दी है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक लद्दाख में तैनात सेना के जवान गलवान घाटी और आस पास के इलाकों में घोड़ों से पेट्रोलिंग कर रहे हैं। सामान ढोने के लिए खच्चरों को भी इन इलाकों में ले जाया जा रहा है।
इधर, सेना की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें सैनिक गलवान इलाके में क्रिकेट और आइस हॉकी खेल रहे हैं। भारतीय सेना ने इन जगहों के नाम नहीं बताए हैं, लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह वही जगह है, जहां 15-16 जून 2020 की रात में भारत-चीन के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी।
सेना ने कहा- हम असंभव को संभव बनाते हैं
गलवान घाटी में संघर्ष के बाद से ही दोनों देशों की सेनाएं अलर्ट हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बेहद ऊंचाई वाले इन क्षेत्रों में तैनात सैनिक टुकड़ियां सर्दियों के दौरान कई गेम्स ऑर्गेनाइज करती हैं। इसे सैनिकों की फिटनेस बरकरार रखने की एक्सरसाइज बताया गया है।
चीन ने एक्सरसाइज के बहाने सैनिक तैनात किए थे
2020 में चीन ने ईस्टर्न लद्दाख के सीमावर्ती इलाकों में एक्सरसाइज के बहाने सैनिकों को तैनात कर दिया था। इसके बाद इस इलाके में कई जगहों पर चीनी सैनिकों ने घुसपैठ की। इसके जवाब में भारतीय सेना ने भी इस इलाके में चीन के बड़ी संख्या में सैनिकों की तैनाती कर दी थी।
हालात इतने खराब हो गए थे कि 4 दशक से ज्यादा वक्त के बाद LAC पर गोलियां चलीं। इसी दौरान 15 जून को गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। वहीं चीन ने काफी समय बाद माना था कि उसके भी 5 जवान मारे गए थे।