PM मोदी का व्हाइट हाउस में राजकीय स्वागत : बाइडेन के भाषण में लगे मोदी-मोदी के नारे; PM बोले- यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान

Chhattisgarh Crimes

वॉशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की राजकीय यात्रा पर व्हाइट हाउस पहुंच गए हैं। यहां उन्हें रेड कार्पेट वेलकम दिया गया। उन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने रिसीव किया। इसके बाद बाइडेन ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान वहां मौजूद भारतीय मूल के लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए।

वहीं, बाइडेन के स्वागत भाषण के जवाब में PM मोदी ने कहा- आज व्हाइट हाउस में शानदार स्वागत समारोह एक प्रकार से भारत के 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान और गौरव है। अमेरिका में रहने वाले 4 मिलियन से अधिक भारतीय लोगों का भी सम्मान है।

व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद PM मोदी को रिसीव करते हुए जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन।
व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद PM मोदी को रिसीव करते हुए जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन।
बाइडेन के स्वागत भाषण पर PM बोले- ‘मैं 30 साल पहले साधारण नागरिक के तौर पर अमेरिका आया था। तब व्हाइट हाउस को सिर्फ बाहर से देखा था। यह पहली बार है जब व्हाइट हाउस के दरवाजे इतनी बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकियों के लिए खोले गए हैं’।

उन्होंने अमेरिका में रह रहे भारतीयों को दोनों देशों के बीच की अहम कड़ी बताया। प्रधानमंत्री ने कहा- आज हम जो फैसले करेंगे वो हमारे भविष्य के लिए अहम होंगे। मैं आज दूसरी बार अमेरिकी संसद को संबोधित करुंगा। मैं उम्मीद करता हूं भारत का तिरंगा और अमेरिका के तारे एक साथ नई ऊंचाईयों को छूएंगे।

बाइडेन ने कहा- भारत और अमेरिका का रिश्ता 21वीं सदी में सबसे अहम

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा- प्रधानमंत्री आपका फिर से स्वागत है। मैंने हमेशा विश्वास किया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच यह रिश्ता 21वीं सदी के सबसे अहम संबंधों से एक है। आपके सहयोग से, हमने स्वतंत्र, खुले, सुरक्षित और समृद्ध इंडो-पैसिफिक के लिए क्वाड को मजबूत किया है।

बाइडेन और मोदी में हो रही द्विपक्षीय चर्चा

व्हाइट हाउस में PM मोदी के स्वागत को देखने के लिए हजारों भारतीय मूल के लोग मौजूद हैं। स्वागत के बाद PM मोदी बाइडेन के साथ द्विपक्षीय चर्चा कर रहे हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर और नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर भी उनके साथ हैं।

बाइडेन और पीएम मोदी द्विपक्षीय बातचीत के बाद कई अहम समझौतों की घोषणा करेंगे। PM मोदी ने व्हाइट हाउस पहुंचने से पहले ट्वीट कर कहा था कि वो बाइडेन से बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं। देर रात PM मोदी अमेरिकी संसद को भी संबोधित करेंगे।

Exit mobile version