
जानकारी के मुताबिक, बीती रात थाना जयनगर पुलिस ग्राम जमदेई में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। वाहन चेकिंग के दौरान लखनपुर की ओर से एक बोलेरो वाहन आते दिखा। पुलिस टीम को देखकर बोलेरो चालक ने गाड़ी को वापस मोड़ा और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने संदेह होने पर बोलेरो वाहन का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने के दौरान एक व्यक्ति बोलेरो से कूदकर भाग निकला।
बोलेरो में लोड मिला 80 किलो गांजा पुलिस टीम ने बोलेरो वाहन क्रमांक CG 12 BC 3785 से 2 युवकों ओमप्रकाश बसोर (24 वर्ष), एवं मोतीलाल बसोर (40 वर्ष) दोनों निवासी ग्राम चांदो, थाना लखनपुर, सरगुजा को पकड़ा। बोलेरो की जांच करने पर उसमें बोरों में भरे गांजे के पैकेट मिले। तौल करने पर गांजा 80 किलो निकाला।
जब्त गांजे की कीमत करीब 24 लाख रूपए है। मामले में गांजा व परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त कर धारा 20(B)(2)(C), 29 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
प्रेमनगर में भी जब्त हुआ सवा 4 किलो गांजा प्रेमनगर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सरसताल निवासी शशिभूषण दुबे को गांजे के साथ पकड़ा है। शशिभूषण दुबे पैदल सिरमिना-कोरबा से घर की ओर पैदल जा रहा था। पुलिस ने शशिभूषण दुबे (45 वर्ष) की जांच की तो उसके पास 4 किलो 350 ग्राम गांजा जब्त किया गया। जब्त गांजे की कीमत 1 लाख 30 हजार रुपये है। मामले में पुलिस ने धारा 20बी, 29 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।