तेज रफ्तार पिकअप पलटी, दो बच्चों की मौत, 20 घायल

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले के ग्राम बिसाही पोड़ी में ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन तेज रफ्तार में नाले के पास पलट गई। पिकअप सवार करीब 25 ग्रामीण शादी के बाद आयोजित होने वाले चौथी भोज में शामिल होकर वापस भटगांव लौट रहे थेे। हादसे में महिला बच्चों सहित 11 सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। भटगांव हॉस्पिटल में दो बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई। 9 घायलों को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में दाखिल कराया गया है। घटना चेंद्रा चौकी क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर के लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भंडारपारा निवासी तलिंदर राजवाड़े की बेटी की शादी पांच दिनों पूर्व ओड़गी ब्लॉक के बिलासपुर निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद चौथी भोज का आयोजन मंगलवार को किया गया था, जिसमें भंडारपारा के 25 ग्रामीण पिकअप में सवार होकर बिलासपुर गए थे। इनमें महिला, पुरूष एवं बच्चे शामिल हैं।

मोड़ पर बेकाबू होकर पलटी पिकअप चौथी समारोह में शामिल होने के बाद ग्रामीण पिकअप क्रमांक CG 29 AC 6154 में सवार होकर लौट रहे थे। तेज रफ्तार में पिकअप रात करीब 10 बजे ग्राम बिसाही पोड़ी के पास पहुंची। बिसाही पोड़ी के नकटी नाला के पास मोड़ में पिकअप का चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और पिकअप मोड़ में एक पत्थर से टकराकर पलट गई।

हादसे में पिकअप सवार कई ग्रामीण छिटककर गिर गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना पर चेंद्रा चौकी प्रभारी एलपी गुप्ता एवं भटगांव थाना प्रभारी सरफराज फिरदौशी की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से भटगांव स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

दो घायलों की मौत, 9 अंबिकापुर रेफर हादसे में 11 सवारों को गंभीर चोटें आईं। भटगांव स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान दिगंबर राजवाड़े (12 साल) एवं पुन्नू चेरवा (13 साल) की मौत हो गई। दोनों बच्चों के सिर एवं सीने में गंभीर चोटें आई थीं। गंभीर रूप से घायल 9 सवारों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। इनमें महिलाएं एवं बच्चे भी शामिल हैं। मामूली रूप से घायल 12 से अधिक सवारों को भटगांव में उपचार किया जा रहा है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह चेंद्रा चौकी प्रभारी एलपी गुप्ता ने बताया कि जहां हादसा हुआ, वहां नाले के पास तीखा मोड़ है। मोड़ में पिकअप का चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और पिकअप पलट गई। घटना के बाद पिकअप चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

मालवाहकों में सवारी, हो रहे हादसे छत्तीसगढ़ में मालवाहकों का उपयोग बारात एवं चौथी भोज में आवाजाही के लिए किया जाता है। गत वर्ष कवर्धा में हुए हादसे के बाद इसपर प्रतिबंध लगाया गया है, बावजूद इसके ग्रामीण बड़ी संख्या में बारातों एवं अन्य कार्यक्रमों में मालवाहकों का उपयोग आने-जाने के लिए कर रहे हैं।

Exit mobile version