खेत में मिली लापता युवक की अधजली लाश

Chhattisgarh Crimes

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बिरकोनी में खेत में मिली युवक की अधजली लाश की पहचान हो गई। मृतक का नाम 39 प्रदीप चौबे है, जो रविवार की रात से घर वापस नहीं लौटा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला नैला चौकी थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, नैला चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी में खेत में मंगलवार को अधजला शव गांव से 500 मीटर की दूरी पर खेत से बरामद किया गया है। नैला चौकी प्रभारी नीलम कुजूर का कहना है कि प्रदीप चौबे, उसका बड़ा भाई मनोज चौबे और गांव का ही एक अन्य व्यक्ति रविवार की शाम किसी निजी काम से अकलतरा गए हुए थे।

इसके बाद वे लोग मौहाडीह पहुंचे। यहां इन लोगों ने टीवी रिपेयरिंग के लिए दिया था। मनोज ने प्रदीप से कहा कि वो टीवी जब रिपेयर हो जाए, तो उसे घर लेकर आ जाए। इसके बाद मनोज एक और ग्रामीण जो इनके साथ गया था, उसके साथ वापस ग्राम बिरकोनी आ गया।

जब प्रदीप घर वापस नहीं आया तो बड़े भाई ने आसपास तलाश की, लेकिन छोटे भाई का कुछ पता नहीं चल पाया। जब दूसरे दिन मनोज धान बेचने मंडी गया, तो उसे कुछ लोगों ने बताया कि खेत में एक युवक का जला हुआ शव मिला है, जिससे धुआं निकल रहा है। इसके बाद खेत में जले हुए शव को वो देखने गया। शव आधा जल चुका था, लेकिन रॉड, चप्पल, बेल्ट और घटनास्थल से कुछ दूर मिली टोपी से उसने प्रदीप के होने की पहचान की।

कुछ समय पहले प्रदीप का ऑपरेशन हुआ था, जिसमें उसके हाथ में डॉक्टरों ने रॉड लगाया था, उसे देखकर उसकी पहचान बड़े भाई ने की। 2 साल पहले मृतक पीआईएल कंपनी में हाईवा चलाने के काम करता था। मृतक को शराब पीने की लत थी। बाद में उसने ड्राइवर का काम छोड़ दिया था और घर पर ही रहता था। नैला चौकी प्रभारी ने कहा कि हत्या कर पैरा से शव को जलाया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version