- शोभा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन
- ग्रामीणों के समस्याओं एवं शिकायतों से सबंधित 237 आवेदन हुए प्राप्त
- अधिकांश आवेदनों का किया गया निराकरण
- कलेक्टर श्री अग्रवाल एवं नवनियुक्त एसपी श्री राखेजा शिविर में हुए शामिल

पूरन मेश्राम/मैनपुर। 16 अक्टूबर 2024 को मैनुपर विकासखण्ड के ग्राम शोभा में आज जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, क्रेडा, वन, स्वास्थ्य, पीएचई, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, शिक्षा, आदिवासी विकास, विद्युत, श्रम, समाज कल्याण एवं अन्य विभागों द्वारा आमजनों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में लोगों के समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित 237 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर में अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। लंबी प्रक्रियाओं वाले एवं उच्च कार्यालयों के मार्गदर्शन से संबंधित आवेदनों के निराकरण के बारे में आवेदकों को अवगत कराया गया। शिविर में जिला अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी शिविर में मौजूद लोगों को भी दी। शिविर में कलेक्टर श्री दीपक अग्रवाल सहित जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेजा भी शामिल हुए। उन्होंने शिविर में मौजूद अतिथियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। साथ ही हितग्राहियों को विभागीय योजना के तहत सामग्री वितरण कर मौके पर ही लाभान्वित किया।
शिविर में कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित निराकरण के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक माह दो जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज शोभा में शिविर का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि राजापड़ाव क्षेत्र अंतर्गत गांवों में समस्याओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों का जिला प्रशासन द्वारा तत्परता से निराकरण किया जायेगा। क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की व्यवस्था आवश्यकतानुसार की जा रही है। साथ ही स्कूल मरम्मत, सड़क, पुल – पुलियों, विद्युत एवं अन्य समस्याओं का प्राथमिकता से त्वरित निराकरण किया जायेगा।राजापड़ाव क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर शासन प्रशासन गंभीर है।
कुछ ही दिनों में शोभा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 108 एंबुलेंस रहेगा। शोभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत नल जल कनेक्शन प्रदान किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि शिविर में सभी विभागों के स्टॉलों में लोगों के समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए। साथ ही उनका निराकरण भी किया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को तत्परता एवं गंभीरतापूर्वक ग्रामीणों के आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेजा ने कहा कि शासन के मंशानुसार लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया है।
क्षेत्र के लोग समस्याओं को चिन्हांकित करते हुए हक अधिकार के लिए आगे बढ़ रहे है। परिस्थिति वश समस्याओं के समाधान करने में अड़चन आती है लेकिन धीरे-धीरे सभी मूलभूत सुविधाओं का भी समाधान शासन प्रशासन के द्वारा किया जाएगा।उन्होंने लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ लेने की अपील की। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संजय नेताम द्वारा संबोधन में कहा गया की पहली बार राजापड़ाव क्षेत्र में कलेक्टर एवं नवनियुक्त एसपी पहुंँचे हैं।तहे दिल से धन्यवाद ज्ञापित एवं क्षेत्र के प्रमुख मूलभूत बुनियादी मांग पूर्व मे 13 बिंदुओं में जिलाधीश को दिया गया था।उसे पुनः स्मरण कराया इसके साथ ही सड़क पानी बिजली शिक्षा स्वास्थ्य पुल पुलिया के समुचित व्यवस्था नहीं होने पर भयंकर क्षेत्र वासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर क्षेत्र वासियों को समय में 102 108 एंबुलेंस की सुविधा नहीं होने के कारण अकारण मौतें हो रही है। क्षेत्रवासी उम्मीद करते हैं आप दोनों के रहते हुए समस्याओं का समाधान होगा ऐसा क्षेत्रवासियो को उम्मीद है।
जिला पंचायत सभापति श्रीमती लोकेश्वरी नेताम कहा कि क्षेत्र में समस्याओं का अंबार बहुत ज्यादा है। शासन प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियो के संयुक्त प्रयास से समाधान की दिशा में पहल होना नितांत जरूरी है।
हम लोग आंदोलनकारी नहीं है लेकिन मजबूरी में ऐसा रुख भी अख्तियार करना पड़ जाता है। जनपद सदस्य श्री घनश्याम मरकाम, जिला उपाध्यक्ष भाजपा योगेश शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष दुलार सिंन्हा,महामंत्री दिलीप साहू, भाजयुमो अध्यक्ष महेश कश्यप,भाजयुमो महामंत्री पुलस्त शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रीता यादव स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री पंकज डाहिरे, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत 5 बच्चों को अन्नप्राशन करवाया, साथ ही 5 गर्भवती महिलाओं को गोद भराई की रस्म के तहत पोषण आहार किट भी प्रदान किया। साथ ही कृषि विभाग द्वारा 3 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, खाद्य विभाग द्वारा 8 राशनकार्ड, 2 मछली पालक किसानों को मछली जाल, पीएम सम्मान निधि 5 किसानों को दिया गया। इसी प्रकार समाज कल्याण विभाग द्वारा 3 हितग्राही को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
प्राथमिकता से शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क बीपी, शुगर सहित स्वास्थ्य संबंधी अन्य प्रकार की जांच कर निःशुल्क दवाई वितरण किया गया। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य के बारे में जागरूक रहने एवं आवश्यकतानुसार निःशुल्क ईलाज प्राप्त करने का भी संदेश दिया गया।