शराब के नशे में बीवी को पीट रहा था दामाद, बचाने आई तो सिर पर लकड़ी मारकर कर दी सास की हत्या

Chhattisgarh Crimes

मोहला-मानपुर-अंबागढ़। जिले में एक युवक ने अपनी ही सास की हत्या कर दी है। उसने अपने सास के सिर पर लकड़ी से कई वार किए। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि वह शराब के नशे में अपनी पत्नी को पीट रहा था। ये देखकर महिला अपनी बेटी को बचाने गई थी। बस इसी बात से युवक नाराज हो गया और सास की जान ले ली। मामला मानपुर थाना क्षेत्र का है।

सुदामा बोगा(25) की 3 साल पहले ही ग्राम उरझे की युवती के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से सुदामा घर जमाई बनकर ससुराल में ही रह रहा था। सुदामा ससुराल में ही खेती किसानी का काम करता था और अपना खर्चा चलाता था। कहा जा रहा है कि वह शराब का आदी है। इसलिए वह आए दिन शराब पीकर अपनी पत्नी से मारपीट करता रहता था।

बताया जा रहा है कि घटना की रात को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। उसी वक्त उसकी सास सामको बाई (50) खाना खा रही थी। घर पहुंचने पर सुदामा ने भी खाना खाया और पत्नी से विवाद शुरू कर दिया। ये देखकर ही सामको बाई उसे समझा गई थी। मगर युवक नाराज हो गया और पत्नी को लगातार पीटता रहा। इस पर फिर से समको बाई ने अपना दामाद को समझाना चाहा, लेकिन सुदामा नहीं माना और उसने लकड़ी उठाया, फिर अपनी सास पर ही कई वार किए। लकड़ी के वार से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। वहीं उसकी बेटी ने आस-पास के लोगों को इस बात की जानकारी दी थी। जिसके बाद परिजनों और पड़ोसियों की मदद से महिला को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर मौत के बाद इसकी सूचना पुलिस को भी दई थी। तब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी।

पुलिस ने अगले दिन शव का पोस्टमार्टम कराया। फिर से आरोपी की तलाश शुरू की। तब पुलिस को आरोपी का लोकेशन गांव के जंगल का ही मिला। जिसके बाद पुलिस ने जंगल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

Exit mobile version