
रायपुर। रायपुर में होटल और मैरेज गार्डनों में सूट-बूट चोर गैंग सक्रिय हो गया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित होटल में आयोजित शादी समारोह में सूट-बूट पहनकर चोर शादी समारोह में घुस गए और जेवर से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इसके बाद इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
तेलीबांधा थाने में रामसागर पारा आजाद चौक निवासी साफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश आहुजा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। प्रार्थी ने बताया कि 14 फरवरी को प्रार्थी की सगाई थी। कार्यक्रम बेबीलान इंटरनेशनल होटल में शाम 07.30 बजे से आयोजित था। प्रार्थी के परिवार और लड़की के परिवार वाले एवं अन्य मेहमान लगभग 100 लोगों की संख्या मौजूद थे।
कार्यक्रम में वधु को एक सोने का पेंडेट सेट कान की बुंदे के साथ, एक सोने की अंगूठी और अन्य उपहार दो ज्वेलरी बाक्स के साथ दिए गए थे। रात करीबन 09.45 बजे देखा कि एक सोने का पेंडेट सेट कान की बुंदे के साथ गायब था। कीमत लगभग 70 हजार रुपये थी। मौके पर फोटोग्राफर मौजूद था, जो वीडियो शूटिंग कर रहा था। साथ ही होटल का सीसीटीवी भी चालू थे। जिसकी जांच के बाद दो संदिग्धों को देखा गया।
20 मिनट तक सब के साथ स्टेज में दिखा चोर
– फोटाग्राफर की रिकार्डिंग और होटल का कैमरा चेक करने पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखे। इसमें से एक व्यक्ति जब लड़का-लड़की को अंगूठी पहना रहा था, इसी दौरान स्टेज के पीछे से आए चोर ने बाक्स को उठाकर कोट में छिपाकर ले जाते हुए दिखाई दिया है। वहीं दोनों चोर एक साथ होटल से बाहर जाते हुए दिखाई दिए।