नई दिल्ली। प्यार के लिए लोग क्या कुछ नहीं कर बैठते। मेक्सिको (Mexico) में एक ऐसा ही मामला सामने आया जहां एक शख्स ने अपनी गर्लफ्रेंड की मां की जान बचाने के लिए किडनी डोनेट की लेकिन उसकी गर्लफ्रेंड ने किसी और से शादी कर ली। शख्स ने एक वीडियो जारी कर बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड की मां की हालत काफी गंभीर थी और उसे तत्काल किडनी की जरूरत थी क्योंकि उसकी किडनी खराब हो चुकी थी।
दरअसल, यह घटना मैक्सिको की है। एक मीडिया की ऑनलाइन रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरी घटना के बारे में शख्स ने अपने सोशल मीडिया स्पेस पर बताया है। शख्स का नाम उजिएल मार्टिनेज है और वह एक टीचर है। शख्स ने फैसला किया कि वह अपनी किडनी निकलवाएगा और अपनी गर्लफ्रेंड की मां को किडनी दान में देगा। उसने डॉक्टरों की टीम से संपर्क किया और अपनी एक किडनी निकलवा दी।
इसके बाद डॉक्टरों ने उसकी गर्लफ्रेंड की मां का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया और उसकी मां ठीक हो गई। लेकिन शख्स को शायद अंदाजा नहीं था कि इस वफा के बदले उसे क्या सजा मिलेगी। गर्लफ्रेंड की मां के ऑपरेशन के एक महीने के बाद ही गर्लफ्रेंड ने उस शख्स से ब्रेकअप कर लिया और इसका कारण यह था कि वह किसी और से प्यार करने लगी थी। इतना ही नहीं उसने शादी भी रचा ली। शख्स ने वीडियो जारी कर अपना दुख व्यक्त किया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने प्रतिक्रिया दी कि वह बहुत महान दिल का आदमी है, उसे छोड़कर वह लड़की खुश नहीं रहेगी।