साप्ताहिक बाजार में गिरी गाज, तीन की मौत, नौ की हालत गंभीर

Chhattisgarh Crimes

जशपुरनगर। सन्ना तहसील के सुलेसा चौकी क्षेत्र के बुर्जुडीह गांव में रविवार को साप्ताहिक बाजार में गाज गिर गई। इसकी चपेट में आने से एक बालिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दो ग्रामीणों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में दर्जन भर लोग गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। रविवार को ग्राम बुर्जुडीह में साप्ताहिक बाजार लगा था। बाजार में बुर्जुडीह के अलावा आसपास के ग्रामीण खरीदारी के लिए आए हुए थे। इसी दौरान शाम लगभग 4:30 बजे मौसम बदलने लगा। तेज गरज और चमक के साथ बारिश होने लगी।

बारिश से बचने के लिए ग्रामीणों ने इधर-उधर शरण ले लगे। अचानक तेज गरज के साथ बाजार में आकाशीय बिजली गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाज गिरनेे के बाद घायलों के चीख पुकार से बाजार दहल उठा। घटना में बुर्जुडीह निवासी सोनिया(12) पिता संतोष की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण दिलेश्वर साय ने मोबाइल से घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। जशपुर से गांव की दूरी अधिक होने के कारण बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ से संजीवनी एंबुलेंस को भेजा गया। एंबुलेंस नौ घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची। गंभीर रूप से झुलसे तिलेश्वर सोनवानी(23) और ग्राम चलनी निवासी ब्रम्हा(24) पिता मंगल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य का इलाज किया जा रहा है। कुछ की हालत नाजुक बनी गई है।

बुर्जुडीह साप्ताहिक बाजार में सोमरती ने अपने होटल में कड़ाही चढ़ाई थी। तेल गर्म था। वह भजिया व समोसा बना रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गर्म तेल की कड़ाही के पास ही गाज गिरी। इसके कारण कड़ाही का गर्म तेल इधर-उधर छिटका। इससे भी लोग बुरी तरह झुलस गए।

क्या कहते हैं अधिकारी

बुर्जुडीह में गाज की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है। घायलों को इलाज के लिए शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

सुनिल गुप्ता,तहसीलदार,सन्ना

Exit mobile version