जांजगीर। शराबी बेटे से परेशान होकर एक पिता ने अपने बेटे को मौत के घाट उतार दिया। दीवाली से एक रात पहले पिता ने घर में सोए बेटे के ऊपर लोहे के हथौड़े से सिर व चेहरे पर कई वार किया। जब उसकी मौत हो गई तो इसकी जानकारी देने अधेड़ पिता खुद कोटवार के पास पहुंच गया। पुलिस ने मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बलौदा टीआई विनोद मंडावी के अनुसार जावलपुर गांव के निवासी सुमेंदराम धीवर के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा सुखीराम आदतन शराबी है। शराब पीने के बाद वह अक्सर अपने पिता व मां के साथ मारपीट करता था। सुखीराम की शादी हो चुकी है और उसके दो बच्चे भी हैं। शराब का आदी होने के कारण उसका अक्सर विवाद होता रहता था। घटना दिनांक 13 नवंबर की रात को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और अपने पिता से विवाद करने लगा। इसके बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गया। सुखीराम के रोज-रोज विवाद करने से सुमेंदराम परेशान था। इससे उसने उसकी हत्या करने की ठानी और लोहे का हथौड़ा लेकर रात में सुखीराम के कमरे में पहुंचा। रात करीब 11.30 बजे जब सुखीराम सो रहा थातब सुमेंदराम हथोड़ा लेकर अपने बेटे के कमरे में पहुंचा और सुखीराम के सिर पर लोहे के हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खुद पहुंचा कोटवार के पास
बेटे की हत्या करने के बाद सुमेंदराम रात में ही खुद कोटवार के पास पहुंचा और बताया कि उसने अपने बेटे की हत्या कर दी है। यह सुनकर कोटवार के होश उड़ गए। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।