तेंदूपता तोड़ाई शुरू नहीं होने पर महासमुंद कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी

Chhattisgarh Crimes

महासमुंद। जिला वनोपज सहकारी संघ महासमुंद के पूर्व अध्यक्ष हितेश चंद्राकर ने अविलंब तेदूपता तोड़ाई के निर्देश जारी नहीं करने की स्थिति में संग्राहकों व आदिवासियों के साथ कलेक्ट्रेट घेराव करने की चेतावनी देते हुए कहा कि 1 मई से तेंदुपता तोड़ाई व खरीदी कार्य प्रारंभ किया जाता रहा है।

बारिश होने के कारण खरीदी में रुकावट आई लेकिन पिछले दो तीन दिनों से मौसम साफ हो गया है बावजूद इसके अभी तक तेंदुपता तोड़ाई करने का आदेश नहीं दिया गया है। वही दूसरी ओर पड़ोसी राज्य उड़ीसा में तेंदुपता खरीदी कार्य चल रहा है। महासमुंद जिले का काफी क्षेत्र उड़ीसा सीमा से लगा होने के कारण समीप की समितियों का पता उड़ीसा के संग्राहक तोड़कर ले जा रहें हैं, ऐसे संग्राहकों को सीधा नुकसान हो रहा है क्योंकि तेंदूपता नीति में समिति को मालिक बनाया गया है ।

बूटा छुपाई कार्य के लिए किसी प्रकार का मजदूरी नहीं दी जाती है क्योंकि संग्राहक फसल के मालिक है। मेहनत से बूटा छुपाई कर तैयार हुआ पत्ता अनुकूल मौसम होने के बावजूद भी तोड़ाई नहीं किया जाएगा तो संग्राहकों के मेहनत पर पानी फिर जाएगा। श्री चंद्राकर ने बताया कि जब तक प्रत्येक संग्राहक परिवार 500 गढी तेंदुपता संग्रहण नहीं करेगा तो शासन की नीति के अनुसार शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ेगा ऐसी स्थिति में लाखों संग्राहक परिवार को बड़ा नुकसान होगा जिसे वहन करने की स्थिति में वे नहीं है। श्री चंद्राकर ने कहा कि उपरोक्त तथ्यों के मद्देनजर रखते हुए हमने शासन से शीघ्र खरीदी शुरू करने की मांग का ज्ञापन सौंपा है उसके बाद भी सरकार हमारी मांगों पर विचार नहीं करती है तो हम संग्राहकों व आदिवासियों के साथ महासमुंद कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।

Exit mobile version