मातम में बदला शादी का माहौल, समधी ने अपने ही समधी की गोली मारकर हत्या की

Chhattisgarh Crimes

ग्रेटर नोएडा। दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में एक शादी समारोह में गोली चलने की खबर है। इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, एक समधी ने अपने ही समधी की गोली मारकर हत्या की है।

क्या है पूरा मामला?

मामला बिसरख थाना क्षेत्र का है। यहां दोस्त की बेटी की शादी में आए समधी ने दूसरे समधी की गोली मारकर हत्या कर दी। एक फार्म हाउस में विनोद यादव की बेटी की शादी थी, जिसमें विनोद यादव का दोस्त अशोक यादव आया था। इसी शादी में दूसरे पक्ष से शेखर भी आया था।

अशोक यादव और शेखर दोनों आपस में समधी हैं, जिनका आपस में पारिवारिक विवाद चल रहा है। किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो शेखर ने अशोक यादव उर्फ बुद्धु प्रधान को शादी समारोह में ही गोली मार दी। इस घटना में अशोक यादव की मौके पर मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, अशोक यादव होशियारपुर के रहने वाले थे। गोली मारने के आरोपी की बेटी की शादी अशोक के बेटे से हुई थी। इन लोगों का आपस में विवाद चल रहा था। आरोपी शेखर मूल रूप से हापुड़ का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद में रह रहा है।

Exit mobile version