नई दिल्ली। लोकप्रिय फेसबुक पेज ह्यूमन आॅफ न्यूयॉर्क पर एक पति-पत्नी की दिल को छू लेने वाली लव स्टोरी इन दिनों तेजी से वायरल हो रही है। हाल ही में पत्नी की मौत हो गई। दंपत्ति की बेटी के एक इंटरव्यू के बाद ये पोस्ट शेयर किया गया है। इस इंटरव्यू में बेटी ने बताया कि मां की मौत के बाद उनके पिता के साथ क्या हुआ? बेटी ने बताया कि उनके पिता मां से बेहद प्यार करते थे। पिता अक्सर मां के लिए गाना गाते थे। जब वह बीमार थीं, तो पिता ने हर तरह से उनकी देखभाल की। मां के जाने के बाद पिता भी बीमार हो गए। उन्होंने जीने की इच्छाशक्ति खो दी।
बेटी कहती हैं, हम पांच बहनें हैं। जब कभी पापा बिजनेस ट्रिप खत्म करके घर लौटते थे, हम पांचों बहनें उन्हें किस करने के लिए लाइन लगाकर खड़ी हो जाया करती थीं, लेकिन पापा हमें नहीं, बल्कि सबसे पहले मां को किस करते थे। क्योंकि वो उनका पहला प्यार थीं।
बेटी आगे बताती हैं, पापा मेरी मां के लिए गाना गाया करते थे। हमेशा उनके लिए गिफ्ट लाते थे। कभी फूल तो कभी चॉकलेट… जब मां की तबीयत खराब होने लगी, तो पापा उन्हें सहारा देकर उनके कामों में मदद करते थे। एक दिन मां ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। फिर मेरे पापा जैसे अब इस दुनिया में रहना ही नहीं चाहते…
नाम न जाहिर करने की शर्त पर बेटी आगे बताती हैं, एक बार हम सब रोड ट्रिप पर गए थे। जहां पूरे रास्ते पापा ने मेरी मां के लिए गाना गाया। वो भी मां के फेवरेट गाने। पति-पत्नी के बीच ऐसा स्नेह और ऐसा प्यार हमारे कल्चर में उतना नहीं देखा जाता। वैसे पार्टी में आमतौर पर हम लोग गाना-बजाना करते ही थे। मगर इन मौकों पर भी पापा मां के लिए खास तौर पर पुराने और रोमांटिक गाने गाया करते थे, जैसे गानों के बोल से मां से कुछ कहना चाहते हो। वह आगे बताती हैं, मेरी मां को पापा की ये हरकतें बेहद अच्छी लगती थीं। मां हमेशा पापा की पसंद के हिसाब से तैयार होती और उनका हेयरस्टाइल भी पापा की पसंद का ही होता। यहां तक कि जब मां को ब्रेन ट्यूमर हुआ और उनकी कई सर्जरी हुई, तब भी मां पापा की पसंद का खयाल रखना नहीं भूलीं।
बेटी आगे बताती हैं, हर सर्जरी के बाद मां की तबीयत और बिगड़ती चली गईं। अब वो ठीक से चल भी नहीं पाती थीं, तब पापा हाथ से उन्हें सहारा दिया करते थे। पापा मां की बेड के बगल में बैठे रहा करते थे और मां के गालों पर हाथ फेरते रहते थे। मां के लिए वह तब तक कुरान पढ़ते रहते, जब तक कि उनके होंठ न सूख जाते हों। बीच बीच में पापा मां से कहते रहते थे… तुम अकेले नहीं रहोगी। मैं तुम्हारे साथ आऊंगा। ये सुनकर हम रो पड़ते। जैसे कि पापा के लिए मां के सिवा हम लोग कुछ थे ही नहीं। वह बताती हैं, ह्यमां के जाने के बाद पापा गुमसुम रहने लगे। काम पर जाना बंद कर दिया। पापा ने मां की कब्र के बगल में अपनी कब्र के लिए जगह भी बुक कर ली थी। पापा रोज मां की कब्र पर जाते थे और वहां घंटों बैठे रहते थे। कब्र के दस्तावेज मिलने के बाद से पापा ने दो दिन तक हमसे से किसी से कोई बात नहीं की। तीसरे दिन बताया कि उनकी तबीयत खराब है। मैं उनकी मदद के लिए आगे बढ़ी, तभी वो गिर पड़े। मेरी बहन ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई। पापा तब तक जा चुके थे। मां के पास। अपने पहले प्यार के पास।