
किशन सिन्हा, छुरा
छुरा. प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक गोधन न्याय योजना के तहत राज्य के अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं तथा कृषक वर्ग के आर्थिक विकास व स्वालंबन का कार्य आदर्श रूप से संचालित हो रहा है, जिसमें आज बात गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुढ़ीपानी की बात करते हैं। जहां गौठान समस्त ग्राम वासियों व महिला समुह के सहयोग से आदर्श रुप से संचालित हो रहा है। यहां गौठान समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका से गौठान में सुविधाओं का संचार सुगम रूप से हो रहा है।
चाहे बात गोबर खरीदी की हो चाहे उनसे बने वर्मी कंपोस्ट खाद की बिक्री के लिए बाज़ार की व्यवस्था की उद्यानिकी विभाग व सहकारी समिति के माध्यम से इन्हें हाथों हाथ उठा लिया जाता है। यहां के गौठान में पशुओं के लिए चारागाह व जल की व्यवस्था उत्तम रूप से है जिससे पशुओं की रखरखाव सुलभ है और एक विशेष तथ्य इस प्रबंधन समिति का यह है कि यहां किसी एक महिला समूह को गौठान में कार्य करने का अवसर ना देकर रुचि रखने वाली ग्राम संगठन की सदस्य किसी भी महिला को अपने आजीविका हेतु कार्य करने का अवसर दिया जाता है जिससे वे अपने आवश्यकता के हिसाब से परिवार की आर्थिक आय अर्जित करने में सक्षम बन रही है।
आगे जानकारी देते हुए गौठान में उपस्थित महिला समूह की सदस्यों ने बताया कि वे वर्मी कंपोस्ट खाद बनाने के साथ साथ सब्जी उगाना, मत्स्य पालन, साबुन व डिटर्जेंट पाउडर निर्माण करना भी चाह रही हैं जिसके लिए वे प्रशिक्षण भी प्राप्त कर चुके हैं गौठान की तरह अन्य योजनाओं के लाभ प्राप्त करने के लिए वे लालायित हैं।साथ ही उन्होंने महिलाओं को स्वालंबन प्रदान करने हेतु प्रदेश सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया और इसी तरह के अन्य योजनाओं का आगे भी क्रियान्वित करने की मांग किये हैं।