चोरी करने दुकान में घुस रहा युवक शटर के बीच फंसा, दम घुटने से मौत

Chhattisgarh Crimes

भिलाई। गंजपारा के एक आटो पार्ट्स के गोदाम में चोरी करने की नीयत से घुसने की कोशिश कर रहे युवक की शटर में फंसने से मौत हो गई। शटर के ऊपर लोहे की जाली लगी थी और दोनों के बीच थोड़ा सा गैप था। युवक उसी गैप से भीतर जाने की कोशिश कर रहा था। उसने अपने शरीर को तो अंदर घुसा लिया। लेकिन, सिर शटर और जाली के बीच में फंस गया। इससे उसका दम घुट गया और वहीं उसकी मौत हो गई।

दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार ने शटर के बीच में शव फंसा देखकर दुर्ग कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

दुर्ग कोतवाली के एसआई मुकेश सोरी ने बताया कि मृतक की पहचान गंजपारा निवासी मुकेश ठाकुर (20) के रूप में की गई है। घटना शुक्रवार शनिवार की दरम्यानी रात की है। शिकायत कर्ता खुशवंत सिंह की गंजपारा में आटो पार्ट्स की दुकान व गोदाम है।

शिकायत कर्ता शनिवार को करीब 11 बजे दुकान खोलने पहुंचा तो उसने अज्ञात युवक को शटर के बीच में फंसा देखा। इसके बाद उसने दुर्ग कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शटर खोला और लाश को निकाला। शटर की ऊंचाई करीब आठ फीट थी। अंदर घुसने के लिए मृतक को कोई सहारा नहीं मिला।

जिस पर वो पैर रख सके। पुलिस के अनुसार शटर और जाली के बीच में सिर फंसने के बाद उसका दम घुटा और उसकी वहीं पर मौत हो गई।

Exit mobile version