
इनमें से एक युवक ने बाइक पकड़कर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा तेज बहाव में बह गया। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने सुरेंद्र कुमार यादव (38) का शव बरामद कर लिया है।
घटना 17 सितंबर की शाम करीब 6 बजे की है। दोनों युवक धमतरी जिले के तर्रा गोंदी गांव के रहने वाले थे। दोनों विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने आए थे। कार्यक्रम के बाद वे ओदरागहन एनीकट से होकर खारुन नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक फिसलने से दोनों नदी में गिर गए।
एनीकट पर था करीब एक फीट पानी, काई से फिसली बाइक
बताया गया कि एनीकट के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था। पानी कम होने के कारण दोनों बाइक से एनीकट पार करने लगे। एनीकट की सतह पर ज्यादा काई जमा थी। इसी वजह से बाइक अचानक फिसल गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक नदी में जा गिरे।
एक युवक ने बाइक पकड़कर बचाई जान, दूसरा बह गया
नदी में गिरने के बाद एक युवक तेज बहाव में बह गया। वहीं दूसरे युवक ने बाइक को पकड़ लिया। उसने किसी तरह खुद को संभाला और नदी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
देर रात मिली एसडीआरएफ को सूचना
हादसे की सूचना मिलने पर रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में बहे युवक की तलाश शुरू की। एसडीआरएफ को देर रात सूचना मिली। रात में रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं हो सका। शुक्रवार 18 सितंबर को एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की।
डीप डाइविंग कर एसडीआरएफ ने बरामद किया शव
दुर्ग एसडीआरएफ के एक्सपर्ट डीप डाइवर राजकुमार यादव और ओंकार ने नदी में डीप डाइविंग कर सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सुरेंद्र कुमार यादव का शव पानी से बाहर निकाला।
धमतरी के तर्रा गोंदी गांव का रहने वाला था सुरेंद्र
मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव (38), पिता फिरंका यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है।