कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में रेप के 2 अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में रेप के 2 अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पहले मामले में पीड़िता ने तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19), निवासी पताढ़ी और हाल मुकाम श्रवण मोहल्ला, हरदीबाजार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के मुताबिक, दोनों की मुलाकात कनकी मेले में हुई थी। इसके बाद उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर लिए और मिलना-जुलना शुरू कर दिया।

आरोप है कि तुषार ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने उरगा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत BNS की धारा 64, 351(3) और POCSO एक्ट की धारा 4, 6 में केस दर्ज किया। पुलिस ने 15 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।

दूसरा मामला: दो साल तक शादी का झांसा देने का आरोप

दूसरे मामले में दसवीं की छात्रा ने कृष्ण कुमार कंवर (21), निवासी ग्राम जुनवानी, थाना उरगा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। छात्रा का आरोप है कि आरोपी दो साल से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था।

शिकायत के मुताबिक, छात्रा ने जब आरोपी से शादी करने की बात कही तो वह टालने लगा। बाद में उसने अलग जाति और परिजनों की असहमति का हवाला देकर शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा ने थाने में लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 के तहत BNS की धारा 69 में केस दर्ज किया। आरोपी को 16 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version