
स्थानीय युवक विजेंद्र कुमार साहू ने बताया कि गंदगी के कारण कई लोग सर्दी, खांसी, मलेरिया और पीलिया जैसी बीमारियों से पीड़ित हो चुके हैं। समस्या को लेकर ऑनलाइन स्वच्छता ऐप पर शिकायत दर्ज कराई गई है। पार्षद और ठेकेदार को भी सूचना दी गई, फिर भी समाधान नहीं निकला।
रवि निषाद ने बताया कि उनके घर के सामने गंदगी फैली हुई है। परिवार के सदस्य भी बीमारी की चपेट में आ गए हैं। नाली का पानी घर के दरवाजे तक पहुंच गया है, जिससे आवाजाही में दिक्कत हो रही है। निषाद मोहल्ला से आगे तक नाली जाम है। सड़क पर गंदा पानी भरा है। बच्चों और बुजुर्गों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
पार्षद ने लगाए गंभीर आरोप
वार्ड 29 के पार्षद गोपाल कुर्रे ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दो साल से ठेकेदार सफाई का काम कर रहा है, फिर भी मोहल्लों में सफाई नहीं होती। नालियां भरी हैं। गंदगी फैली है।
अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पार्षद ने कमीशनखोरी का आरोप भी लगाया।
आंदोलन की चेतावनी
गोपाल कुर्रे ने कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस है। जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा।