छत्तीसगढ़ में 3 अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में 3 अलग-अलग हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। शनिवार रात सूरजपुर जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने बस्ती में चल रहे अवैध क्रशर में आग लगा दी। मौके पर पहुंचे एसडीओपी, थाना प्रभारी और तहसीलदार को भी बंधक बना लिया था।

दूसरा मामला अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक का है। शुक्रवार रात यहां जगराता कार्यक्रम के लिए सड़क पर बांधी गई रस्सी में बुलेट सवार युवक का गला फंस गया। श्वासनली कटने से उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है। घटना से नाराज परिजन और समुदाय के लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने आयोजन समिति के सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

तीसरा मामला कोरबा के गोपालपुर का है, जहां शुक्रवार रात तेज रफ्तार बुलेट ने जसगीत गाने जा रही महिलाओं की टोली को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चल रहे डांडिया और जसगीत के कार्यक्रम बंद करने पड़े। इसमें एक अन्य महिला और बुलेट सवार तीन युवक घायल हुए हैं। यह मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

केस 1 – सड़क पर बंधी रस्सी से कटी श्वासनली

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक में दुर्गा पंडाल के पास जगराते का आयोजन किया गया था। इसके लिए जयस्तंभ चौक से अग्रसेन चौक के बीच सड़क पर आवागमन रोकने के लिए दोनों ओर बांस गाड़कर मोटी रस्सी बांधी गई थी। आगे यातायात विभाग की बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी।

16 अक्टूबर की रात मायापुर निवासी फैजान आलम अपने साथी समीर के साथ बुलेट से अग्रसेन चौक की ओर से जयस्तंभ चौक पहुंचा। बताया जा रहा है कि सड़क पर बंधी रस्सी दिखाई नहीं देने के कारण वह सीधे उससे टकरा गया। रस्सी फैजान के गले में फंस गई और दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे में फैजान और उसका साथी समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फैजान को मृत घोषित कर दिया। समीर का इलाज जारी है। मृतक के परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है।

Exit mobile version