जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesजशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। चौकी मनोरा क्षेत्र में पुलिस ने 12 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

यह घटना चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम बड़ा टेम्पु के लेटे झरिया नाला के पास 20 अप्रैल की शाम लगभग 5:30 बजे हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पगडंडी रास्ते से गौवंशों को बेरहमी से पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहा है।

गौवंशों को तेजी से हांकते हुए ले जा रहा था आरोपी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि एक संदिग्ध व्यक्ति 12 गौवंशों को तेजी से हांकते हुए ले जा रहा था। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दुर्योधन भगत (40), निवासी ग्राम टेम्पु, चौकी मनोरा, जिला जशपुर बताया। उसने गौवंशों को झारखंड ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी 12 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

पुलिस की कार्रवाई

आरोपी दुर्योधन भगत के विरुद्ध चौकी मनोरा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 (1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस नेआरोपी को गिरफ्तार कर 21 अप्रैल 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version