दुर्ग में साइबर अपराधियों को 5 से 15 हजार रुपए कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले तीन म्यूल खाताधारकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग में साइबर अपराधियों को 5 से 15 हजार रुपए कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले तीन म्यूल खाताधारकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड भी साइबर ठगों को मुहैया कराते थे।

पुलिस जांच में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के खातों के जरिए साइबर ठगी की लाखों रुपए से अधिक की रकम का लेन-देन सामने आया है। सुपेला पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से बैंकिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1324/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

विवेचना के दौरान पुलिस ने उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के संदिग्ध खातों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था। बैंकिंग लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने खाताधारकों की पहचान की।

5 से 15 हजार रुपए तक मिलता था कमीशन

पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्थिक लाभ के लिए खुद के साथ दूसरे लोगों के बैंक खाते भी एजेंटों के माध्यम से हासिल करते थे। इसके बाद बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए जाते थे। इनका इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।

इस काम के बदले आरोपियों को 5 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन या अन्य प्रतिफल मिलता था। पुलिस के मुताबिक, संबंधित खातों में साइबर ठगी की लाखों रुपए से अधिक की राशि का लेन-देन पाया गया है।

सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तीनों को पकड़ा

पुलिस ने मामले में कांति प्रसाद पारधी (33), निवासी शुभम कॉलोनी, आर्य नगर, कोहका, थाना सुपेला; वसीम खान (30), निवासी शर्मा कॉलोनी, करुणा हॉस्पिटल के पास, नंदिनी रोड, थाना छावनी; और पोषण निषाद (27), निवासी ग्राम अंजोरा, ओम कृषि केंद्र के पास, थनौद रोड, वर्तमान पता ग्राम रसमड़ा, बोगदा पुलिया, मुक्तिधाम के पास, चौकी अंजोरा, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया है।

28 नवंबर को तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर तीनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। उनके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच

इस कार्रवाई में सुपेला थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम की भूमिका रही। पुलिस अब बैंक खातों के इस्तेमाल, ठगी की रकम के हस्तांतरण और खाते उपलब्ध कराने वाले एजेंटों के संबंध में जांच कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version