बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के मोहतरा गांव में शराब दुकान के सामने गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि दो युवकों ने पहले उसे जान से मारने की धमकी दी और फिर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी मनीष उर्फ भीम साहू (19) को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग के भी वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार, मोहतरा निवासी सुनीत साहू (41) अपने दोस्त के साथ शराब खरीदने साजा आया था। शाम करीब 5:30 बजे शराब दुकान के गेट पर उसने एक युवक को किसी व्यक्ति के पैकेट पर मारते देखा। सुनीत ने उसे ऐसा करने से मना किया। इस पर आरोपी ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
कमर से चाकू निकालकर किया वार
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कमर से चाकू निकालकर सुनीत के दाहिने हाथ की कोहनी के पास वार कर दिया। इसी दौरान उसके साथी मनीष उर्फ भीम साहू ने भी सुनीत से गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। वार से बचने की कोशिश में सुनीत के दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली में चोट आई।
भीड़ जुटी तो दीवार कूदकर भागे
हमले के दौरान लोगों ने बीच-बचाव किया। भीड़ जुटने पर दोनों आरोपी शराब दुकान की पीछे की दीवार कूदकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सुनीत की शिकायत पर साजा पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस और धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष उर्फ भीम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
हथियार और अन्य सबूत जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार और अन्य सबूत जब्त किए।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर, नाबालिग बोर्ड के सामने पेश
आरोपी मनीष उर्फ भीम साहू (19), पिता पुरन साहू, निवासी भरतपुर वार्ड नंबर 3, साजा को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं, नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया।