सिख पंथ के पहले गुरु, गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर 20 नवंबर को राजधानी रायपुर में नगर कीर्तन निकाला जाएगा

Chhattisgarh Crimesसिख पंथ के पहले गुरु, गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर 20 नवंबर को राजधानी रायपुर में नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इस बार नगर कीर्तन में बस्तर से आने वाला आदिवासी नृत्य दल भी प्रस्तुति देगा। वहीं, 17 अलग-अलग पालकियों की जगह इस बार एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी। इसके साथ पूरी संगत एक साथ शबद-कीर्तन करते हुए चलेगी।

नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर स्टेशन रोड गुरुद्वारा के प्रमुख इन्द्रजीत सिंघ छाबड़ा ने बताया कि इस बार केवल एक मुख्य पालकी निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य नगर कीर्तन की धार्मिक मर्यादा बनाए रखना और पूरी संगत को एक साथ जोड़ना है। मुख्य पालकी के आगे पांच गुरुद्वारों के पंज प्यारे चलेंगे।

150 साल पुरानी परंपरा से निकलेगा नगर कीर्तन

स्टेशन रोड गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकालने की परंपरा करीब 150 साल पुरानी है। हर साल गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर यह आयोजन किया जाता है।

इस बार 20 नवंबर को दोपहर 2 बजे नगर कीर्तन शुरू होगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, इस आयोजन के जरिए 327 साल पुरानी पंज प्यारों की परंपरा को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

पंज प्यारों के चयन के लिए तय हैं धार्मिक नियम

नगर कीर्तन की अगुवाई करने वाले पांच पंज प्यारों का चयन धार्मिक नियमों के अनुसार किया जाता है। इसके लिए अमृतधारी सिख होना, रोजाना पांच बाणियों का पाठ करना और जीवन में अनुशासन का पालन करना जरूरी है।

इस बार हरिपाल सिंह ओबेरॉय, त्रिलोचन सिंह काले, लखवीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरजीत सिंह को पंज प्यारों के रूप में चुना गया है। नगर कीर्तन के दौरान जत्थेदार पंज प्यारों का मार्गदर्शन करेंगे।

Exit mobile version