छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मुक्तिधाम से 94 साल की बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी होने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मुक्तिधाम से 94 साल की बुजुर्ग महिला की अस्थियां चोरी होने का मामला सामने आया है। 13 नवंबर को अंतिम संस्कार के बाद परिवार 14 नवंबर को अस्थियां लेने पहुंचा तो चिता की राख से अस्थियां गायब मिलीं। मौके पर नारियल और दिया रखा हुआ था।

परिवार का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पूजा-पाठ कर अस्थियां उठा लीं। बुजुर्ग महिला की इच्छा थी कि उनकी अस्थियां प्रयागराज ले जाकर गंगा में विसर्जित की जाएं। परिजनों ने गुरुर थाने में शिकायत दर्ज कराकर अस्थियां वापस दिलाने की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक, इसी मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह तीसरी घटना है। मामला गुरुर थाना क्षेत्र के खैरवाही गांव का है।

अब जानिए पूरा मामला…

दरअसल, गुरुर ब्लॉक के ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात 11 बजे निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

14 नवंबर की शाम उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मुक्तिधाम में पूजा करने पहुंचे। वहां चिता वाली जगह पर नारियल और दिया रखा हुआ था। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। जब उन्होंने चिता की ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशीं तो वे गायब मिलीं।

परिजनों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी और गांव में भी अस्थियों के बारे में पता लगाया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से अस्थियां तलाश कर वापस दिलाने की मांग की है।

पोती बोली- अस्थियों की नहीं कर पाए रक्षा

विद्यावती रुखमणी शर्मा की पोती ने बताया कि उनकी दादी 94 साल तक सुरक्षित रहीं, लेकिन निधन के बाद परिवार उनकी अस्थियों को सुरक्षित नहीं रख पाया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने चिता वाली जगह पर पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां उठा लीं।

Exit mobile version