मध्य प्रदेश के मुरैना में क्रैश हुए IAF के 2 विमान, सुरक्षा अभ्यास में शामिल थे दोनों फाइटर जेट

Chhattisgarh Crimes

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में शनिवार को भारतीय वायुसेना के 2 लड़ाकू विमानों के क्रैश होने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुरैना में एक सुखोई-30 और मिराज 2000 लड़ाकू विमान क्रैश कर गए। इन दोनों विमानों ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी जहां एक एक्सर्साइज चल रही थी। इस हादसे में वायुसेना के 2 पायलट बचाए गए।

Su30 MKi और Mirage2000 हादसे का शिकार

बताया जा रहा है कि दोनों फाइटर जेट ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी जो सुरक्षा अभ्यास में शामिल थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयरफोर्स चीफ से हादसे की जानकारी ली है। रक्षा मंत्री CDS के भी संपर्क में हैं। मुरैना में सुखोई 30 और मिराज 2000 विमान क्रैश हो गए हैं। सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। पूरे इलाके को घेर लिया गया है। वहीं मुरैना के डीएम ने बताया कि वह एसपी के साथ हादसे की जगह जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद हैं। फायर ब्रिग्रेड की गाड़िया मौके पर रवाना कर दी गई हैं।

विमान हादसे पर पीएमओ और रक्षा मंत्री एक्टिव

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भारतीय वायु सेना के दो विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने पर वायु सेना प्रमुख द्वारा जानकारी दी गई है। रक्षा मंत्री ने भारतीय वायुसेना के पायलटों की हालत के बारे में जानकारी ली और घटनाक्रम की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक़ इन दोनों लड़ाकू विमानों के क्रैश की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय और नेशनल सिक्योरिटी एडवाइज़र को भी दी गई है।

कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश

ग्वालियर एयर बेस पर सेंट्रल एयर कमान अभ्यास चल रहा था। ये अभ्यास Su30 MKi और Mirage2000 की क्षमता और स्थिति जांचने के लिए किया जा रहा था। ग्वालियर बेस मिराज का बेस है और हादसे से पहले रडार और एटीसी सक्रिय थे। इस घटना को लेकर कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं।

Exit mobile version