तेंदुए का शिकार करने के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

पत्थलगांव। बिजली करंट से तेंदुए का शिकार करने के मामले में वन विभाग की टीम ने पतराटोली गांव के 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में कल शाम तेंदुए का शव बरामद हुआ था। इस तेंदुए के कई अंग गायब पाए जाने के बाद वन विभाग की टीम ने जांच शुरू की थी। जांच में करंट की चपेट में आने से तेंदुए की मौत की बात सामने आई थी।

वन विभाग की टीम ने आज सुबह तेंदुए का शिकार करने वाले चार लोगों को वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है। तेंदुए के गायब अंगों की तलाश के लिए वन विभाग की टीम ने डॉग स्क्वायड की टीम की मदद ली है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

तेंदुए का शिकार करने वाले आरोपियों का कहना है कि उन्होंने अपने खेतों में फसल की सुरक्षा के लिए बिजली तार का घेरा लगाया था । जिसमें अचानक तेंदुआ फंस गया। फिलहाल वन विभाग के उच्च अधिकारी यहां नहीं पहुंचे हैं, इस वजह पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं हो पाई है। वन विभाग टीम तेंदुआ के गायब अंगों की तलाश कर रही है।

Exit mobile version