70 साल के बुजुर्ग ने 76 साल के ममेरे भाई को कुल्हाड़ी से वार कर उतारा मौत के घाट

Chhattisgarh Crimes

बेमेतरा। जिले में एक बुजुर्ग की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई है। बुजुर्ग को उसके ही ममेरे भाई ने मार दिया है। बताया जा रहा है कि उधार के पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद था। इसके अलावा जमीन विवाद के चलते भी आरोपी नाराज था। जिसके बाद उसने पूरी वारदात को अंजाम दिया है। मामला नांदघाट थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, नांदघाट के निषाद पारा में बुधारी निषाद(76) अपने परिवार के साथ रहता था। उसी गांव में उसका ममेरा भाई रामअवतार निषाद(70) भी रहता था। पता चला है कि दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधारी ने रामअवतार के पिता से कई साल पहले 1 लाख रुपए कर्ज लिए थे। मगर उसे वापस नहीं किया था। इसके अलावा जमीन बंटवारे के बाद रामअवतार की जमीन पर भी कब्जा कर लिया था। बुधारी ने रामअवतार के खेत में लगे पेड़ को भी काट दिया था।

इधर, शुक्रवार सुबह के वक्त बुधारी निषाद किसी काम से गांव से महामाया मंदिर के पास गया था। उसी दौरान वहां पर रामअवतार भी पहुंच गया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा। फिर रामअवतार ने कुल्हाड़ी उठाया और बुधारी के सिर और शरीर में कई बार वार किए। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त आस-पास कुछ लोग मौजूद थे। जिन्होंने पुलिस को इस घटनाक्रम को देखा था। उन्होंने तुरंत इस बात की जानकारी पुलिस को दी।

खबर मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बुधारी की खून से लथपथ लाश को बरामद किया। फिर लाश को पीएम के लिए भेजा गया था। आरोपी की तलाश भी शुरू की गई। जिसमें आरोपी अपने ही घर में मिला है। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि बुधारी के मेरे जमीन में कब्जा करने और पैसे नहीं लौटाने के चलते मैं परेशान था। वो मुझे बर्बाद करना चाहता था। इसलिए मैंने उसकी हत्या कर दी है।

Exit mobile version